राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:
देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम भानपुर के पास बंजरयाऊ की पहाड़ी पर रहने वाले सपेरे समुदाय के एक युवक ने एक गाय की पत्थर मारकर हत्या कर दी। पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंच कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। जांच अधिकारी अनिल कुजूर ने बताया कि फरियादी अरविंद सिंह राजपूत जैतपुर पिपरिया की रिपोर्ट पर गाय की हत्या करने वाले युवक बालकिशन नाथ पिता साहब सिंह नाथ 19 साल को गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि युवक के गेहूं खेत में लगी फसल को गाय द्वारा नुकसान किए जाने पर युवक ने उसे पत्थर मार दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने गाय की हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और विवेचना की जा रही है।
आरोपी युवक बाल किशन नाथ ने बताया कि एक गाय द्वारा गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचने पर उसने गाय को पत्थर मार दिया था जिससे उसकी मौत हो गई। उसने गाय को मारने का जुर्म स्वीकार किया है।
