मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

ग्राम पंचायत चिखलमऊ के ग्राम बेलखेड़ी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में उस समय हलचल मच गई, जब जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) श्रीमती रश्मि चौहान ने स्कूल परिसर का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सीईओ ने मध्याह्न भोजन (MDM) की गुणवत्ता की जांच के लिए रसोईघर का जायजा लिया। इस दौरान वहां बच्चों के भोजन में इस्तेमाल किए जा रहे मिर्च, धनिया और हल्दी पाउडर के पैकेटों की समयावधि (एक्सपायरी डेट) समाप्त हो चुकी थी। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई।
बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी लापरवाही पर कार्रवाई
बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए जनपद पंचायत की सीईओ श्रीमती रश्मि चौहान ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने मौके पर ही नाराजगी व्यक्त करते हुए जिम्मेदार प्रधान पाठक एवं सहायक शिक्षक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर तत्काल जवाब मांगा है।
ग्रामीणों की मौजूदगी में सामने आया मामला
निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी मौके पर मौजूद थे। ग्रामीणों ने सीईओ रश्मि चौहान द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की सराहना की। साथ ही उन्होंने मांग की कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

