पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (म.प्र.), NIT:

जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तिरला पुलिस ने ग्राम खरबारी में कपास के खेत के बीच उगाए जा रहे गांजे की खेती का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से गांजे के 565 हरे पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन 443.9 किलोग्राम बताया गया है। जब्त गांजे के पौधों की अनुमानित बाजार कीमत 53 लाख 26 हजार 800 रुपये आंकी गई है। मामले में 54 वर्षीय आरोपी बाबू पिता मदन मसार को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, भारत सरकार के वर्ष 2029 तक देश को मादक पदार्थों से मुक्त करने के संकल्प तथा पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशों के तहत धार जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार डावर और नगर पुलिस अधीक्षक योगेंद्रसिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में तिरला थाना क्षेत्र के ग्राम खरबारी में अवैध रूप से गांजे की खेती किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना की पुष्टि होने के बाद 8 अक्टूबर 2026 को थाना प्रभारी अशोक कुमार ननामा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संबंधित खेत पर दबिश दी। तलाशी के दौरान कपास की फसल के बीच गांजे के पौधे उगाए जाने का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके से कुल 565 हरे गांजे के पौधे जब्त किए, जिनका वजन 443.9 किलोग्राम है।
पुलिस ने मौके से ग्राम खरबारी निवासी बाबू पिता मदन मसार, उम्र 54 वर्ष, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना तिरला में अपराध क्रमांक 168/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी से अवैध खेती के संबंध में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अशोक कुमार ननामा, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह सिंगोड़े, सहायक उपनिरीक्षक कालू सिंह बामनिया, प्रधान आरक्षक मुकाम सिंह, आरक्षक राकेश रावत, वन सिंह, अनार सिंह, दिनेश, सत्यपाल सिंह जाट, प्रधान आरक्षक मृत्युंजय तथा आरक्षक ज्योति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
धार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

