जीएफ कॉलेज के डॉ. मोहम्मद सईद अख्तर दुनिया के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों की सूची में शामिल; प्लांट बायोलॉजी एवं बॉटनी में वैश्विक स्तर पर 561वीं रैंक हासिल कर शाहजहांपुर का नाम किया रोशन | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

जीएफ कॉलेज के डॉ. मोहम्मद सईद अख्तर दुनिया के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों की सूची में शामिल; प्लांट बायोलॉजी एवं बॉटनी में वैश्विक स्तर पर 561वीं रैंक हासिल कर शाहजहांपुर का नाम किया रोशन | New India Times

गांधी फैज-ए-आम (जीएफ) कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग के शिक्षक डॉ. मोहम्मद सईद अख्तर ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धि दर्ज कराते हुए शाहजहांपुर का नाम रोशन किया है। उन्हें स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी और एल्सेवियर के सहयोग से जारी दुनिया के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की प्रतिष्ठित सूची में स्थान मिला है। डॉ. अख्तर को कैरियर और एकल वर्ष, दोनों श्रेणियों में शामिल किया गया है।
डॉ. मोहम्मद सईद अख्तर ने संवाददाता मुबारक अली से बातचीत में अपनी उपलब्धि और शोध कार्यों से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि प्लांट बायोलॉजी एवं बॉटनी के क्षेत्र में उन्हें वैश्विक स्तर पर 561वीं रैंक प्राप्त हुई है। वहीं, सभी वैज्ञानिक विषयों को मिलाकर उन्हें 37,904वां स्थान मिला है। संबंधित डेटाबेस में शामिल 1,89,757 शोधकर्ताओं के बीच उनकी यह रैंकिंग उनके शोध कार्यों और वैज्ञानिक योगदान को दर्शाती है।

वैज्ञानिकों की इस प्रतिष्ठित सूची में शोध पत्रों के उद्धरण, एच-इंडेक्स, सहलेखन तथा प्रकाशित शोध के प्रभाव सहित विभिन्न मानकों के आधार पर वैज्ञानिकों के योगदान का मूल्यांकन किया जाता है। इस सूची को दुनिया भर के शोधकर्ताओं के वैज्ञानिक योगदान के आकलन के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।
डॉ. अख्तर का शोध मुख्य रूप से प्लांट स्ट्रेस फिजियोलॉजी, बायोफर्टिलाइजर, फाइटोरेमेडिएशन तथा पौधों और सूक्ष्मजीवों के बीच पारस्परिक संबंधों पर केंद्रित है। उनके शोध कार्य पर्यावरण संरक्षण, कृषि विज्ञान और पौधों की बेहतर वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण विषयों से जुड़े हैं।
डॉ. मोहम्मद सईद अख्तर की इस उपलब्धि से जीएफ कॉलेज के साथ-साथ शाहजहांपुर के शैक्षणिक जगत को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उनकी सफलता से स्थानीय शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और विज्ञान के क्षेत्र में अपना करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं को प्रेरणा मिलेगी।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.