हिमांशु सक्सेना, ग्वालियर (मप्र), NIT:

नगरीय निकाय आम निर्वाचन-2022 की मतगणना 17 जुलाई को साईंस कॉलेज में होगी। मतगणना की तैयारियों को प्रेक्षक श्री बी एम शर्मा एवं संभागीय आयुक्त श्री आशीष सक्सेना ने शुक्रवार को दोपहर में देखा और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रेक्षक श्री बी एम शर्मा ने निरीक्षण के दौरान कहा है कि मतगणना के लिये सभी तैयारियाँ समय रहते पूर्ण की जाएँ। मतगणना में पारदर्शिता का विशेष ध्यान दिया जाए। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मतगणना के संबंध में दिए गए निर्देशों का पालन हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए।
संभागीय आयुक्त श्री आशीष सक्सेना ने मतगणना की तैयारियों को देखा और मतगणना के दौरान मतगणना कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इस पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। इसके साथ ही मतगणना में आने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ-साथ गणना एजेंटों के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी बेहतर करने के साथ-साथ उसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी करें ताकि किसी को कोई परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान मीडिया बंधुओं के लिये बनाए गए मीडिया सेंटर का भी अवलोकन किया गया और पत्रकारों को मतगणना की जानकारी समय – समय पर उपलब्ध कराने की बात कही। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री आशीष तिवारी ने मतगणना के संबंध में की गई तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान आईजी श्री डी. श्रीनिवास वर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कान्याल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
