मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

आगामी चुनावों को देखते हुए लंबे समय से फ़रार चल रहे स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर श्री राहुल कुमार लोढ़ा द्वारा सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है, साथ ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में वारंटियों को गिरफ़्तार करने हेतु स्पेशल टीमें बनाकर अन्य राज्यों में भेजी जा रही है। इसी कड़ी में बुरहानपुर पुलिस को 5 स्थाई वारंटियों को पकड़ने में सफलता हासिल हुई है। (1) थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 377/15 धारा 138 एन.आई.ए. एक्ट में पाँच वर्ष से फ़रार आरोपी संजय पिता हरिकिशन टावरी, निवासी वर्धा महाराष्ट्र (2) शाहपुर के अपराध क्रमांक 444/19 धारा 323, 294, 506 भा.द.वि. में तीन माह से फ़रार मनोज पिता गणेश चौहान, निवासी वर्धा दोनों को वर्धा महाराष्ट्र से गिरफ़्तार किया गया, (3) थाना गणपतिनाका के धारा 138 NIA ACT (चैक बाउंस) के प्रकरण में एक वर्ष से फ़रार मेहबूब खान पिता चाँद खां पठान, निवासी सूरत ,गुजरात को पुणे से गिरफ़्तार किया गया। (4)थाना निम्बोला के अपराध क्रमांक 352/19 धारा 294, 323, 506, 34 भा.द.वि. में राजेश पिता जवान सिंह बारेला, उम्र 22 व (5) जवान सिंह पिता वतन सिंह बारेला,उम्र 49, निवासी गारबलड़ी दोनों को गारबलड़ी से गिरफ़्तार किया गया। पुलिस द्वारा स्थाई वारंटियों की गिरफ़्तारी आगे भी लगातार जारी रहेगी। स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार करने में उप. निरी. जयपाल सिंह राठौर, ए. एस. आई. देवेंद्र पाटिल, आर. आनंद श्रीवास एवं सायबर एक्सपर्ट दुर्गेश पटेल की सराहनीय भूमिका रही।
