मेहलका अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT;
मप्र में जहां शिवराज सरकार अगली पारी हासिल करने की तैयारी में है और इसी ध्येय के मद्देनजर योजनाएं बना रही है वहीं कांग्रेस भी अपनी रणनीति तय कर तैयारी में लग गई और बीजेपी विरोधी लहर का भरपूर फायदा उठाने की कोशिश कर रही है। इस बीच एक मीडिया सर्वे सामने आया है जिसने जहां बीजेपी को चौकन्ना कर दिया है वहीं कांग्रेस की बांछें खिला दी है।
प्रदेश की जनता, चुनाव और सरकार को लेकर क्या राय रखती है यह टटोलने की एक बड़ी कोशिश न्यूज चैनल आईबीसी 24 ने की है। आईबीसी 24 ने मध्यप्रदेश में जनकारवां नाम के एक बड़ी मीडिया पहल का हाल में ही समापन किया है। जनकारवां के दौरान मप्र के सभी 51 जिलों की सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में 15 हजार से ज्यादा के सैंपल साइज के साथ मेगा सर्वे सम्पन्न हुआ। सर्वे के दौरान 11 सवालों की एक प्रश्नावली मतदाताओं के सामने रखी गई। लोगों से सरकार के कामकाज, प्रदेश में मौजूद पार्टियों की लोकप्रियता, बुनियादी विकास और जनआकांक्षाओं से जुड़े सवाल पूछे गए। सर्वे में पूछे गए सवालों के जो जवाब निकलकर आए हैं और जो बड़ी तस्वीर उभरकर आई है उसको न्यूज चैनल आईबीसी 24 ने 3 अप्रैल को एक विशेष कार्यक्रम के रूप में शाम 6 बजे से प्रसारित किया था। शाम 6 बजे से लेकर रात के 10 बजे तक इस विशेष कार्यक्रम को मध्यप्रदेश का ओपिनियन पोल के नाम से प्रसारण किया गया।
प्रदेश में अगली सरकार किसकी होनी चाहिए ?
इस सवाल के जवाब में प्रदेश के लोगों ने कांग्रेस को सबसे ज्यादा अंक दिए हैं। सर्वे के मुताबिक 2018 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 101 सीटें, कांग्रेस को 119 सीटें और अन्य को 10 सीटें मिल सकती हैं।
मध्यप्रदेश का अगला मुख्यमंत्री किसे होना चाहिए?
इस सवाल के जवाब में प्रदेश के सबसे ज्यादा लोगों ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर भरोसा जताया है। उन्हें 37 फीसदी लोगों ने अगले सीएम के तौर पर पसंद किया है, जबकि दूसरे नंबर हैं वर्तमान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हैं, उन्हें 31 फीसदी लोगों ने अपना मत दिया है। तीसरे नंबर पर कांग्रेस सांसद कमलनाथ हैं, जिन्हें 17 फीसदी लोगों ने मुख्यमंत्री के तौर पर पसंद किया है, जबकि कैलाश विजयवर्गीय को 6 फीसदी लोगों ने सीएम के रूप में पसंद किया, वहीं अजय सिंह को 5 फीसदी और नरेंद्र सिंह तोमर को 2 फीसदी लोगों ने पसंद किया है।
क्या आप मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के काम से संतुष्ट हैं?
इस सवाल के जवाब में 36 फीसदी लोगों ने कहा :- हां, वहीं 58 फीसदी लोगों ने कहा- नहीं, जबकि 6 फीसदी लोगों ने कहा नहीं कह सकते का विकल्प चुना।
क्या आप केंद्र की मोदी सरकार के कामकाज से संतुष्ट हैं?
इस सवाल पर प्रदेश के 45 लोगों ने हां में जवाब दिया है। 50 फीसदी लोगों ने नहीं में जवाब दिया है, जबकि 5 फीसदी लोगों ने कह नहीं सकते का ऑप्शन चुना ।
क्या किसानों के लिए शिवराज सरकार के कदम फायदेमंद हैं?
इस सवाल के जवाब में 33 फीसदी लोगों ने कहा हां, 57 फीसदी लोगों ने कहा ना, जबकि 10 फीसदी लोगों ने कह नहीं सकते का विकल्प चुना है।
क्या पिछले 10 साल में आपके इलाके में कोई नया उद्योग लगा ?
इस सवाल के जवाब में 18 फीसदी लोगों ने कहा हां, 75 फीसदी लोगों ने कहा ना, जबकि 7 फीसदी लोगों ने कह नहीं सकते का विकल्प चुना।
चार घंटे के इस कार्यक्रम में IBC 24 के एडिटर इन चीफ रवि कांत मित्तल के साथ कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, कमलनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार चौहान , जनसंपर्क मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा , सासंद प्रभात झा और वरिष्ठ राजनैतिक विश्लेषक गिरिजाशंकर जी मौजूद रहे। जनता की राय में भाजपा खतरे के निशान पर है। अब देखना यह है कि यह रूझान चुनाव तक बरकरार रहता है या नहीं ? या कोई जादू की छड़ी इस रूझान को बदलती है यह तो आने वाला समय ही बताएगा।
