ढीले बिजली तार से लगी भीषण आग, 1 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख | New India TimesOplus_131072

शरीफ़ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

स्थानीय थाना करमा क्षेत्र के रनितारा (मोकर्सिम) गांव में मंगलवार को बिजली विभाग की लापरवाही के चलते आग लगने से एक किसान की खड़ी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी भागवत प्रसाद मौर्य के खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन का तार लंबे समय से नीचे लटक रहा था। मंगलवार दोपहर तेज हवा चलने के कारण तार आपस में टकरा गए। जैसे ही बिजली आपूर्ति शुरू हुई, तारों में हुई स्पार्किंग से गेहूं की फसल में आग लग गई।
आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और करीब 1 बीघा में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
पीड़ित किसान का आरोप है कि संबंधित बिजली तार पिछले करीब 15 वर्षों से नीचे लटक रहा था, जिसकी शिकायत कई बार जेई और लाइनमैन से की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। शिकायत करने पर अधिकारियों का रवैया भी संतोषजनक नहीं रहा।
घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिलाने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article