पत्रकारिता समाज की चेतना को दिशा देती है: नरेन्द्र सिंह तोमर। मप्र प्रेस क्लब का 33वां स्थापना वर्ष समारोह, ‘मप्र रत्न’ और ‘मप्र श्री’ अलंकरण सम्पन्न | New India Times

मो. मुजम्मिल, छिंदवाड़ा/भोपाल (मप्र), NIT:

पत्रकारिता समाज की चेतना को दिशा देती है: नरेन्द्र सिंह तोमर। मप्र प्रेस क्लब का 33वां स्थापना वर्ष समारोह, ‘मप्र रत्न’ और ‘मप्र श्री’ अलंकरण सम्पन्न | New India Times

पत्रकारिता और साहित्य लोकतंत्र की नींव हैं और समाज की चेतना को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। यह बात मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने मध्य प्रदेश प्रेस क्लब के 33वें स्थापना वर्ष समारोह में कही। उन्होंने कहा कि आज जब कई क्षेत्रों में मूल्यों का अवमूल्यन दिखाई देता है, ऐसे समय में पत्रकारिता की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है।

नई पीढ़ी को प्रेरणा देने वाले आयोजन

विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेश का मान बढ़ाने वाली विभूतियों को सम्मानित करने की परंपरा की सराहना की। उन्होंने सुझाव दिया कि भविष्य में यह आयोजन किसी शैक्षणिक संस्था के परिसर में आयोजित किया जाए, ताकि विद्यार्थी सीधे विशिष्ट व्यक्तित्वों से संवाद कर सकें। उन्होंने पत्रकारों के हित में मप्र प्रेस क्लब द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की।

अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य और त्वरित न्याय से ही विकास : न्यायमूर्ति अग्रवाल

श्रीराम जन्मभूमि मामले में ऐतिहासिक निर्णय देने वाले न्यायमूर्ति सुधीर अग्रवाल ने कहा कि किसी भी देश और समाज के वास्तविक विकास के लिए अच्छी शिक्षा, उत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं और त्वरित न्याय अनिवार्य हैं।
उन्होंने कहा कि देश की विशाल आबादी के लिए केवल एक सुप्रीम कोर्ट पर्याप्त नहीं है और इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में सुप्रीम कोर्ट की बेंच स्थापित की जानी चाहिए।

सरकारी स्कूल-अस्पतालों से जुड़ें जिम्मेदार लोग

न्यायमूर्ति अग्रवाल ने कहा कि जब तक जिम्मेदार लोग स्वयं अपने बच्चों की शिक्षा और इलाज सरकारी स्कूलों और अस्पतालों में नहीं कराएंगे, तब तक व्यवस्थाओं में सुधार संभव नहीं है। आम आदमी को समान, सरल और शीघ्र न्याय मिलना लोकतंत्र की सच्ची पहचान है।

भाषायी मर्यादा और सांस्कृतिक गरिमा में मीडिया की भूमिका

कार्यक्रम में उपस्थित पंचदशनाम जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर ध्यानश्री स्वामी शैलेशानंद गिरि महाराज ने कहा कि समाज में बढ़ती भाषायी असहिष्णुता चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि भाषायी मर्यादा और सांस्कृतिक गरिमा की रक्षा में मीडिया की भूमिका बेहद अहम है। तीर्थों की पवित्रता बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

सामाजिक दायित्व निभा रहा मप्र प्रेस क्लब

मप्र प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. नवीन आनंद जोशी ने स्वागत उद्बोधन में क्लब की गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगान से हुआ।
आभार प्रदर्शन महासचिव डॉ. शिशिर उपाध्याय ने किया, जबकि संचालन आशीष दवे ने किया।

🔹 सम्मानित विभूतियां

‘मप्र रत्न’ सम्मान

पद्मश्री सुशील दोषी, कलापिनी कोमकली, जयदीप कर्णिक, देवेन्द्र मालवीय, मुमताज़ खान, दिनेश गौतम, अमृता जोशी, सोनल भारद्वाज, प्रीतिश मेहता।

मप्र श्री’ सम्मान

एयर कमोडोर आशुतोष चतुर्वेदी, चित्रा बाजपेई, प्रो. संजय द्विवेदी, नीता दीप वाजपेई, पूनम चौकसे, ऋषि राज सिंह सिसोदिया, सुलेखा गुर्जर, डॉ. शिवदयाल बर्डे, अभिषेक गोयल।

By nit