पुष्पक बस स्टैंड बना गंदगी और बदबू का केंद्र, यात्री परेशान, उपभोक्ता अधिकार संगठन ने नगर निगम पर उठाए सवाल | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

जिला बुरहानपुर की पर्यटन नगरी में स्थित एकमात्र पुष्पक बस स्टैंड पर गंदगी और बदबू का बोलबाला है, जिससे रोजाना आने-जाने वाले यात्री और मुसाफिर खासे परेशान हैं। बस स्टैंड परिसर में जगह-जगह फैली गंदगी और दुर्गंध यात्रियों को मानसिक रूप से भी परेशान कर रही है।

उपभोक्ता अधिकार संगठन के कार्यकारिणी अध्यक्ष प्रीतम महाजन ने बताया कि बुरहानपुर शहर में केवल एक ही पुष्पक बस स्टैंड है, जहां जिले भर के ग्रामीणों का निरंतर आवागमन बना रहता है।

महाराष्ट्र की सीमा से सटे होने के कारण यहां से महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश दोनों राज्यों की बसों का संचालन होता है। इसके अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी लोग खरीदी-बिक्री के लिए बुरहानपुर आते हैं। बस स्टैंड पर उतरते ही यात्रियों को गंदगी और बदबू का सामना करना पड़ता है, जिससे शहर की छवि धूमिल हो रही है।

उन्होंने कहा कि देशभर में स्वच्छ भारत मिशन चल रहा है, जिसका श्रेय नगर निगम के महापौर एवं अधिकारी ले रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। बस स्टैंड पर स्वच्छता व्यवस्था लगभग नदारद है और स्वच्छता केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित रह गई है।

बस स्टैंड परिसर में दो प्रसिद्ध मंदिर भी स्थित हैं, लेकिन मंदिरों के आसपास भी गंदगी फैली हुई है, जो धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा रही है। यदि बस स्टैंड पर नियमित और प्रभावी स्वच्छता अभियान चलाया जाए, तो न केवल बस स्टैंड का कायाकल्प हो सकता है, बल्कि पूरे शहर की छवि भी निखर सकती है।

स्वच्छता के नाम पर वाहवाही लूटने के आरोप लगाते हुए संगठन ने कहा कि बस स्टैंड सहित प्रमुख मार्गों पर फैली गंदगी ने स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले यात्रियों का जीना दुश्वार कर दिया है। सवाल यह है कि क्या नगर निगम प्रशासन इन गंभीर मुद्दों पर आत्मचिंतन करेगा और ठोस कदम उठाएगा?

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article