संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:
पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना सुश्री वंदना चौहान एवं एसडीओपी पवई श्रीमती भावना दांगी के मार्गदर्शन में थाना पवई पुलिस टीम द्वारा अवैध मादक पदार्थ (गांजा) के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में गांजा तस्करी करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक पन्ना द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, विक्रय, उत्पादन एवं भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। इन निर्देशों के पालन में समस्त थाना क्षेत्रों में मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया है।
इसी क्रम में थाना प्रभारी पवई निरीक्षक सुशील अहिरवार को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि तीन संदिग्ध व्यक्ति तहसील तिराहा पवई क्षेत्र में कहीं जाने की प्रतीक्षा में खड़े हैं, जिनके पास गैस चूल्हा रखने का कार्टून, एक काले रंग का बैग एवं एक प्लास्टिक की बाल्टी है, जिनमें अवैध मादक पदार्थ गांजा होने की प्रबल संभावना है।
मुखबिर की सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पवई थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तहसील तिराहा पवई पर तीन व्यक्ति सड़क किनारे बैठे मिले, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम-पते बताए। इसके पश्चात उनकी तथा उनके सामान की तलाशी लेने पर गैस चूल्हा रखने वाले कार्टून में दो पैकेट मिले, जिन पर पीले रंग की टेप लगी थी और उनमें गांजा भरा हुआ पाया गया। इसके अतिरिक्त एक पीले-सफेद रंग की प्लास्टिक बाल्टी एवं एक काले रंग के रेगजीन बैग से भी गांजा बरामद किया गया। कुल मिलाकर 8 किलो अवैध मादक पदार्थ (गांजा), जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये है, जब्त किया गया।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना पवई में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा उड़ीसा से सस्ते दामों में लाकर पन्ना एवं आसपास के जिलों में विक्रय करते थे।
आरोपियों के नाम व पते
1. बृजेश पटेल, पिता मुन्नी लाल पटेल, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम पठारी, थाना बिजावर, जिला छतरपुर
2. महेश पटेल, पिता मुन्नी लाल पटेल, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम पठारी, थाना बिजावर, जिला छतरपुर
3. सुरेन्द्र सिंह, पिता नारायण सिंह ठाकुर, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम ननौरा, पोस्ट लखवा, थाना पिपट, जिला छतरपुर
जप्त सामग्री
आरोपियों के कब्जे से करीब 8 किलो अवैध मादक पदार्थ (गांजा), अनुमानित कीमत 1,60,000 रुपये, जब्त किया गया।
सराहनीय योगदान
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी पवई निरीक्षक सुशील अहिरवार, उनि. एम.एल. कोल, सउनि आनंद मोहन मिश्रा, विजय गर्ग, प्र.आर. गणेश सिंह, अंजनी तिवासी, आरक्षक सुशील कोल, भागीरथ, प्रेम तथा पुलिस साइबर सेल टीम पन्ना का सराहनीय योगदान रहा।

