गुजरा प्राथमिक शाला में लापरवाही उजागर, दो शिक्षक तैनात फिर भी छात्रों की बुनियादी पढ़ाई शून्य | New India Times

मोहम्मद इसहाक मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र), NIT:

New India Times

मैहर जिले के अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मुकुंदपुर के समीप ग्राम पंचायत खजुरी सुखनंदन के ग्राम गुजरा में स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में शिक्षा व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। विद्यालय में कुल 7 छात्र दर्ज हैं, जिनके लिए 2 शिक्षक पदस्थ हैं, लेकिन इसके बावजूद छात्रों की वास्तविक उपस्थिति मात्र 3 से 4 बच्चों तक ही सीमित रहती है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इतनी कम संख्या में छात्रों के बावजूद बच्चों को बुनियादी शिक्षा भी नहीं दी जा रही है। अधिकांश छात्रों को ककहरा, व्यंजन आदि तक का ज्ञान नहीं है, जो शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यह स्थिति बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ मानी जा रही है।

विद्यालय की वर्तमान स्थिति को देखते हुए इसे समीपवर्ती विद्यालय में सम्विलियन (विलय) करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है, लेकिन इस संबंध में शिक्षा विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है और विभाग मौन साधे हुए है।

बताया जा रहा है कि विद्यालय की बदहाल स्थिति से संबंधित वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिससे मामला और अधिक चर्चा में आ गया है। क्षेत्रवासियों ने शिक्षा विभाग से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article