बिजली समस्याओं को लेकर कांग्रेस का ज्ञापन, पूर्व मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में राज्यपाल के नाम सौंपा गया पत्र | New India Times

त्रिवेंद्र जाट, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

क्षेत्र में व्याप्त गंभीर विद्युत समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवरी ने पूर्व मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में महामहिम राज्यपाल के नाम एक विस्तृत ज्ञापन एसडीएम देवरी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से देवरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत देवरी एवं केसली विकासखंडों में बदहाल विद्युत व्यवस्था की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया।

ज्ञापन में अवगत कराया गया कि क्षेत्र के अनेक ग्रामों में विद्युत खंभे एवं तार टूटे हुए हैं। कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर लंबे समय से खराब पड़े हैं तथा समय पर मरम्मत एवं रखरखाव न होने के कारण विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। अघोषित बिजली कटौती और बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने से आमजन का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। किसानों को सिंचाई के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इस गंभीर स्थिति का सबसे अधिक दुष्प्रभाव अन्नदाता किसानों पर पड़ रहा है। सिंचाई के अभाव में फसलें प्रभावित हो रही हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं घरेलू उपभोक्ताओं को पेयजल आपूर्ति, बच्चों की पढ़ाई, छोटे व्यवसायों एवं दैनिक जीवन की आवश्यक गतिविधियों में भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते क्षेत्र में व्यापक जनअसंतोष व्याप्त है।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवरी ने मांग की है कि टूटे हुए विद्युत खंभों एवं तारों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदला जाए, अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाई जाए तथा ग्रामीण एवं कृषि क्षेत्रों में नियमित और सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आमजन एवं किसानों के साथ मिलकर आंदोलनात्मक कदम उठाने को बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवरी के अध्यक्ष आशीष वावा राजौरिया, नगर कांग्रेस अध्यक्ष गौरव पाण्डे सहित समस्त पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर क्षेत्र की विद्युत समस्याओं के त्वरित एवं स्थायी समाधान की मांग की।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article