जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर के कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भूलेख कार्यालय, संग्रह कार्यालय, संयुक्त कार्यालय एवं अभिलेखागार का गहन अवलोकन कर वहां संचालित कार्यों की स्थिति की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने कार्यालयों में अभिलेखों के समुचित रख-रखाव, साफ-सफाई की व्यवस्था तथा लंबित पत्रावलियों के निस्तारण की प्रगति के संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की। भूलेख कार्यालय में उपलब्ध गार्ड फाइलों का अवलोकन करते हुए उन्होंने अभिलेखों के अद्यतन एवं सुरक्षित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि भूमि से संबंधित अभिलेख अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं और इनके रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

संग्रह कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आरसी पोर्टल का अवलोकन किया तथा राजस्व वसूली से संबंधित मामलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि आरसी से संबंधित मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

संयुक्त कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न पटलों से संबंधित महत्वपूर्ण पत्रावलियों की जांच की और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, त्वरित कार्यवाही एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने अभिलेखागार का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, सुरक्षित भंडारण एवं उनकी सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यालयों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखी जाए तथा अभिलेखों को नियमानुसार एवं व्यवस्थित ढंग से रखा जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर वे सहजता से उपलब्ध हो सकें।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रशीद अली, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article