बैरागढ़ रेलवे स्टेशन पर कछुओं की तस्करी का पर्दाफाश, 311 कछुए बरामद | New India Times

अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

भोपाल के बैरागढ़ स्थित संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने वन्यजीव तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। आरपीएफ स्टाफ ने एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से दो बैगों में भरे कुल 311 जीवित कछुए बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, चेकिंग के दौरान रेलवे कोच में कार्यरत अटेंडर अजय सिंह राजपूत के पास मौजूद बैग संदिग्ध पाए गए। तलाशी लेने पर उनमें बड़ी संख्या में कछुए मिले। आरपीएफ ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग और एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त कार्रवाई शुरू की गई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी अजय सिंह राजपूत ने बताया कि वह ढाई हजार रुपये के लालच में कछुओं को देवास और इंदौर पार्सल करने ले जा रहा था।

आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि रविंद्र कश्यप नामक व्यक्ति ने उसे रुपये का लालच देकर कछुओं की सप्लाई कराने को कहा था। आरपीएफ द्वारा की गई कार्रवाई के बाद मामले की विवेचना एसटीएफ द्वारा जारी है।

फिलहाल सभी कछुओं को वन विभाग की निगरानी में सुरक्षित रखा गया है और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article