निहाल चौधरी, इटवा/सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
इटवा विकास क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सकतपुर स्थित संकटेश्वरनाथ मंदिर में गुरुवार को दस दिवसीय श्री रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। यह महायज्ञ 5 फरवरी से 15 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा।
महायज्ञ के पावन अवसर पर गुरुवार शाम लगभग चार बजे मंदिर परिसर से भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई।

शोभायात्रा गाजे-बाजे और डीजे की मधुर धुनों के साथ निकली, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाओं एवं पुरुषों ने धार्मिक जयघोष करते हुए भाग लिया। यज्ञाचार्य द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शोभायात्रा का नेतृत्व किया गया।
यज्ञ संचालक सुधीर त्रिपाठी के निर्देशन में निकली यह कलश यात्रा बुढ़ी राप्ती नदी के तट स्थित फरुवहवा घाट तक पहुंची, जहां विधिवत वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कलशों में पवित्र जल भरा गया। इसके पश्चात शोभायात्रा पुनः मंदिर परिसर लौटी।
यज्ञ व्यवस्थापक राम कृपाल चौधरी ने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्री रुद्र महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हो चुका है। शुक्रवार को मंडप प्रवेश, वेदी रचना तथा रामलीला मंचन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
शनिवार को अरणी मंथन एवं अग्नि प्रज्ज्वलन किया जाएगा। इसके उपरांत प्रतिदिन विधिवत पूजन, हवन एवं रुद्राभिषेक संपन्न होगा। महायज्ञ का समापन महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर पूर्णाहुति एवं संत सम्मेलन के साथ किया जाएगा।
आयोजकों ने क्षेत्र की जनता एवं गणमान्य व्यक्तियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।

