पवन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

पुलिस कन्ट्रोल रूम ग्वालियर सभागार में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर ग्वालियर श्री अक्षय कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री राजेश सिंह चंदेल द्वारा पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री टी.एन.सिंह, अपर कलेक्टर संजीव कुमार जैन, अपर कलेक्टर श्रीमती अंजू अरूण कुमार, अति. पुलिस अधीक्षक श्री ऋषिकेश मीणा,भापुसे, अति. पुलिस अधीक्षक शहर (पश्चिम) श्री गजेन्द्र सिंह वर्धमान, अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री निरंजन शर्मा, समस्त सीएसपी, एसडीओपी तथा एसडीएम, तहसीलदार एवं चुनाव कार्य में लगे हुए अधिकारीगण उपस्थित रहें।
बैठक में कलेक्टर ग्वालियर श्री अक्षय कुमार सिंह ने कहा कि राजस्व एवं पुलिस अधिकारी आगामी विधानसभा निर्वाचन में आपसी तालमेल एवं सतर्कता से कानून व्यवस्था को मूर्त रूप दें। बैठक में कलेक्टर ग्वालियर ने उपस्थित राजस्व व पुलिस अधिकारियों से उनके क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों एवं क्रिटिकल व वल्नरेबल क्षेत्रों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। उन्होने इस अवसर पर कहा कि सभी राजस्व अधिकारी अपने क्षेत्र के थाना प्रभारी से समन्वय स्थापित कर ज़मीनी स्तर पर चुनाव की तैयारियों में लग जाए। बैठक मेें कलेक्टर ग्वालियर ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वल्नरेबल क्षेत्रों में सतत् भ्रमण कर पुलिस एवं राजस्व अधिकारी मतदान के लिए लोगों में विश्वास बढ़ाने के लिए कार्य करें। तथा पुलिस एवं राजस्व अधिकारी संयुक्त रूप से भ्रमण कर वल्नरेबल क्षेत्रों में पहुंचकर मतदाताओं को मतदान करने के लिए जागरूक करें। इसके साथ ही अधिक से अधिक वाउण्ड ओवर की कार्यवाही तथा जिला बदर के प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश भी उपस्थित अधिकारियों को दिए। बैठक में कलेक्टर ग्वालियर ने कहा कि जिले मेें नये आए ऐसे अधिकारी व कर्मचारी जिनका मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है उनके लिए एक कैम्प लगाकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की कार्यवाही की जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री राजेश सिंह चंदेल ने उपस्थित सीएसपी एवं एसडीओपी को अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील मतदान केन्द्रों की जानकारी तैयार करने के निर्देश दिये तथा उन्होने कहा कि आप सभी अपने-अपने क्षेत्रों के ऐसे बदमाशों को चिन्हित कर जानकारी एकत्रित करें जो समाज में कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हों एवं आगामी चुनाव में मतदान को प्रभावित कर सकते हैं, साथ ही ग्वालियर जिले के सीमावर्ती जिलों से इनामी बदमाश व स्थाई वारंटियों की सूची तैयार कर एक दूसरे के साथ साझा करें तथा जिला बदर किये गये बदमाशों के संबंध में जानकारी ले कि उनको किन-किन जिलों में जिला बदर किया गया है, साथ ही उन्होंने क्रिटिकल मतदान केंद्रों का भ्रमण किए जाने के निर्देश उपस्थित पुलिस अधिकारियों को दिए।
