साबिर खान, मीरा-भाईंदर/मुंबई (महाराष्ट्र), NIT:

काशीगांव पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹36,490 नकद, 52 ताश के पत्तों सहित दो कैट, 8 मोबाइल फोन तथा जुआ खेलने की सामग्री समेत कुल ₹1,16,890 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को शाम करीब 4:20 बजे काशीगांव पुलिस थाने की अपराध प्रकटीकरण शाखा के सहायक पुलिस निरीक्षक सुहास कांबळे को मुखबिर से सूचना मिली कि घोड़बंदर किला के पास आचार अली के किराये के कमरे में कुछ लोग तीन पत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राहुलकुमार पाटील को अवगत कराया गया। उनके मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आचार अली अब्दुल सत्तार अली (40), पंकज रामनगीना सिंह (35), महेश हिंगू राजभर (35), रघुवीर कन्हैया कनौजिया (29), महाजन सानिक सिंह (32), कमरेआलम वहीदुल रहमान शेख (35), विजय शंकर गौरी शंकर राय (34) और फैज नसीफ खान (45) को जुआ खेलते हुए पकड़ा।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त संजय शिंदे, पुलिस उपायुक्त परिमंडल-1 राहुल चव्हाण, सहायक पुलिस आयुक्त गणपत पिंगळे तथा वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राहुलकुमार पाटील के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में अपराध प्रकटीकरण पथक के सहायक पुलिस निरीक्षक सुहास कांबळे सहित पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने सहभाग लिया।

