अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:
भागलपुर के कहलगांव में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा।
कहलगांव डीएसपी-2 के निर्देश पर शहर के विभिन्न स्थानों पर वाहन पार्किंग को लेकर सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। इसके माध्यम से वाहन चालकों को निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़ा करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
सोमवार देर शाम इस संबंध में जानकारी देते हुए कहलगांव डीएसपी-2 ने बताया कि पार्किंग नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नियमों के विरुद्ध वाहन खड़ा करने पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।
डीएसपी ने स्पष्ट किया कि किसी के घर के सामने, दुकान के आगे अथवा सड़क और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह वाहन खड़ा करना, जिससे आवागमन बाधित हो, कार्रवाई के दायरे में आएगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य कहलगांव शहर और आसपास के क्षेत्रों में जाम की समस्या को कम करना तथा आम लोगों के आवागमन को सुगम बनाना है। पुलिस ने संकेत दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

