संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

मिली जानकारी के अनुसार कल दिल्ली में 6 दिन के लॉक डाउन की घोषणा के बाद प्रवासी मजदूरों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया है, सभी प्रवासी मजदूर अपने परिवार के साथ अपने गांव जाने को मजबूर हो गए हैं. लोगों को यह डर सता रहा है कि पिछले साल की तरह इस साल भी कहीं हजारों किलोमीटर पैदल ना जाना पड़े इस कारण मजदूरों ने ट्रेन न मिलने के पर बसों से ही जाना स्वीकार कर लिया. इस अफरा-तफरी के बीच दिल्ली से छतरपुर टीकमगढ़ मजदूरों से भरी युवराज ट्रैवल्स की यूपी 93 सीटी 0556 नंबर बस मंगलवार सुबह 10:00 बजे ग्वालियर के जोरासी घाट पर अनियंत्रित होकर पलट गई, बस पलटने का कारण तेज गति बताया जा रहा है. बस के पलटते ही चीख-पुकार की आवाजें गूंजने लगीं, पास से गुजर रहे राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों ने शोर सुनकर तुरंत पुलिस और 108 इमरजेंसी एंबुलेंस को सूचना दी. बस पलटने के कारण तीन लोगों की मौत होना बताया जा रहा है जबकि 24 लोग घायल बताए गये हैं. ग्रामीण और राहगीर तुरंत राहत कार्य में जुट गए, कई यात्रियों ने बसों की खिड़कियों से कूद कर अपनी जान बचाई, ग्रामीण राहगीर जैसे तैसे करके बस में अंदर घुसे और उन्होंने महिला और बच्चों को बाहर निकाला. इसी बीच सूचना मिलते ही एसीपी सहित पुलिस की टीम और 108 इमरजेंसी एंबुलेंस की गाड़ियां भी टेकनपुर, गिरवाई नाका, डाबरा, एएलएस तथा बारादरी 108 घटनास्थल पर समय पर पहुंच गईं, पुलिस बल घायलों की मदद में जुट गए. पुलिस कप्तान अमित सांगी भी मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को उठाकर सभी घायलों को बाहर निकलवाया और 108 इमरजेंसी एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को ग्वालियर जयारोग्य अस्पताल पहुंचाया, जिससे सभी घायलों को समय पर इलाज दिया जा सका.
