विवेक जैन, ब्यूरो चीफ, बागपत (यूपी), NIT:

जनपद बागपत के सांकरौद गांव स्थित गोरखनाथ आश्रम में अज्ञात चोरों ने दानपात्र तोड़कर करीब 3 लाख रुपये की चोरी कर ली। आश्रम के मुख्य पीठाधीश सुरेश भगत ने थाना खेकड़ा पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने आश्रम में 21 दिन की अग्नि तपस्या की थी, जिसके समापन पर 24 मई 2026 को भंडारे का आयोजन किया गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दानपात्र में लगभग 3 लाख रुपये का दान दिया था।
भंडारे के बाद सुरेश भगत अपने शिष्यों के साथ हरिद्वार गंगा स्नान व अन्य धार्मिक कार्यों के लिए चले गए थे। इसी बीच 27 मई को आश्रम में कार्यरत लक्ष्मण पुत्र राजकुमार ने फोन पर सूचना दी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बड़े दानपात्र को तोड़कर नकदी चोरी कर ली है और छोटी दान पेटी भी साथ ले गए हैं।
हरिद्वार से लौटने के बाद पीठाधीश ने खेकड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

