देवरी में कांग्रेस का ‘हल्ला बोल’: बिजली, पानी व कानून व्यवस्था को लेकर विद्युत मंडल कार्यालय का किया गया घेराव | New India Times

राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

देवरी में कांग्रेस का ‘हल्ला बोल’: बिजली, पानी व कानून व्यवस्था को लेकर विद्युत मंडल कार्यालय का किया गया घेराव | New India Times

देवरी विधानसभा क्षेत्र में बिजली, पानी और कानून व्यवस्था जैसी गंभीर समस्याओं को लेकर शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विद्युत मंडल कार्यालय देवरी का घेराव कर शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद तहसीलदार प्रीति रानी चौरसिया को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार अघोषित बिजली कटौती और मनमाने बिजली बिलों से आमजन परेशान हैं। भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली गुल रहने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। किसानों की सिंचाई प्रभावित हो रही है, वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई और व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने देवरी नगरपालिका परिषद पर भी लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि नगर में गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है और कई वार्डों में दिनों-दिन पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट और समूह जल प्रदाय योजना में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। नेताओं का आरोप है कि करोड़ों रुपये की योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई हैं, जिससे गांवों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
इसके अलावा कांग्रेस ने क्षेत्र में बिगड़ती कानून व्यवस्था, अवैध जुआ-सट्टा, शराब, गांजा और ड्रग्स के कारोबार को लेकर प्रशासन को घेरा। नेताओं ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर पुलिस संरक्षण में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिससे अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने इन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस आमजन और किसानों के साथ गांधीवादी तरीके से उग्र आंदोलन और भूख हड़ताल करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article