Edited by Sabir Khan;
संदीप शुक्ला, नई दिल्ली, NIT;
कैग रिपोर्ट संसद में पेश होने के बाद कांग्रेस ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। कैग की रिपोर्ट के अनुसार भारत के पास लंबे समय तक युद्ध के लिए पर्याप्त गोला-बारूद नहीं है। यह मुद्दा संसद से लेकर सड़क पर आ पहुंचा है। कांग्रेस ने मोदी सरकार पर तंज कसते हुआ कहा है कि भारत के पास युद्ध के लिए पर्याप्त गोला-बारुद नही है तो क्या हुआ जुबानी जंग तो है, हम उसी से युद्ध जीत लेंगे। इसके साथ ही मोदी सरकार के पास जुमले और भाषण भी तो हैं।
कांग्रेस लीडर कमलनाथ ने कैग रिपोर्ट आने के बाद ट्वीट कर कहा है कि लगता है वर्तमान सरकार युद्ध होने पर गोला-बारूद की जगह भाषण, जुमले, लाल आँखों, ललकार, दहाड़, कड़ी चेतावनी के साथ-साथ 56 इंच के सीना का उपयोग करेगी।
कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने भी मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि कैग ने बताया है कि “भारत के पास सिर्फ दस दिनों की युद्ध सामग्री है”…फ़र्क़ क्या पड़ता है? मोदी जी जवाबी नहीं, केवल ज़ुबानी जंग लड़ते हैं..। इसके साथ ही जीतू ने आगे लिखा है कि CAG ने गोला-बारूद की कमी बताई है…ख़ैर, कौन सा दुश्मनों से लड़ना है? मुट्ठी भर किसान और व्यापारियों से लड़ने के लिये काफ़ी गोला-बारूद है। यूपीए शासन में सीएजी की रिपोर्ट पर अख़बारों की हेडलाइन्स और प्राइम टाईम मे चर्चा होती थी…पर अब? अंतिम पृष्ठ की आख़री लाइन भी नसीब नही?
ज्ञात हो कि CAG ने शुक्रवार को भारतीय सेना के पास गोला-बारूद में भारी कमी होने की रिपोर्ट संसद में पेश की है। रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से लिखा है कि अगर भारतीय सेना को लगातार 10 दिन युद्ध करना पड़ गया तो उसके पास पर्याप्त गोला-बारूद नहीं है।
