राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

लखनादौन-झांसी नेशनल हाईवे नं. 26 बीना चौराहा पर सुबह बाइक सवार चाचा भतीजे को एक इनोवा कार ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे भतीजे की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे जिला चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया है। घटना देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम रजौला बीना चौराहे की है।

यह घटना देवरी से करीब दो किलोमीटर दूर नेशनल हाईवे 26 बीना चौराहे पर सुबह करीब 10 बजे उस समय घटित हुई जब नरसिंहपुर से सागर की ओर तेज रफ्तार इनोवा कार क्रमांक सी जी 04 एच डी-4603 ने सड़क पार करते समय बाइक को जोरदार टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार ललित रैकवार उम्र 12 वर्ष निवासी बिलवारी मोहल्ला तहसील रहली की घटनास्थल पर ही मौत हो गई व बाइक चालक राजू पिता दामोदर उम्र 35 वर्ष निवासी रहली गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे 108 एंबुलेंस से घायल अवस्था में देवरी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां से जिला चिकित्सालय सागर रेफर कर दिया गया। मृतक के मामा अनु रैकवार ने बताया कि राजू और ललित ग्राम बिछुआ से बहनोई की बाइक लेकर इलाज के लिए देवरी की तरफ आ रहे थे इसी दौरान इनोवा कार ने टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही मौके पर देवरी पुलिस पहुंच गई और मृतक के शव का पंचनामा कार्रवाई के बाद उसका पोस्टमार्टम कराया गया।
