मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं सक्रिय सहभागिता के लिए शासकीय महाविद्यालय जुन्नारदेव की राष्ट्रीय सेवा योजना छात्रा इकाई की दो स्वयंसेविकाओं राजेश्वरी महोबे एवं अनुश्री विश्वकर्मा को रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर द्वारा विश्वविद्यालय स्तरीय सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेविका पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रश्मि नागवंशी ने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्वयंसेविकाओं को उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्य, सेवा भावना, सक्रिय सहभागिता एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की विभिन्न गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
दोनों स्वयंसेविकाओं ने एनएसएस की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से सहभागिता करते हुए समाजसेवा, स्वच्छता, जागरूकता एवं जनहित से जुड़े कार्यों में सराहनीय योगदान दिया है। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है।
स्वयंसेविकाओं की इस सफलता पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता वाशिंगटन ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी समाजसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर डॉ. ए.के. टांडेकर, प्रो. आर.डी. वाडिवा, प्रो. आर.के. चंदेल, डॉ. एस.के. शेण्डे सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने राजेश्वरी महोबे एवं अनुश्री विश्वकर्मा को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

