नरेंद्र इंगले, ब्यूरो चीफ, जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:
महाराष्ट्र विधानसभा के आम चुनावों के 288 सीटों में सबसे हेवीवेट जामनेर सीट के लिए 62 फीसदी मतदान हुआ है। सुबे के जलसंपदा मंत्री गिरीश महाजन के जामनेर निर्वाचन क्षेत्र में शाम 6 बजे तक 62 फीसदी वोटिंग हुआ है। इस सीट पर राष्ट्रवादी महागठबंधन के प्रत्याशी संजय गरुड ने भाजपा के सामने कडी चुनौती पेश की है। वंचित बहुजन आघाडी के सुमित चौहान की उम्मीदवारी के कारण मुकाबला काफी रोचक दिखायी पड रहा है। तहसील में कुल 3 लाख 15 हजार मतदाता हैं। 315 बुथ के लिए प्रशासन की ओर से 1800 कर्मियों की तैनाती की गयी थी। 1995 से जामनेर सीट से लगातार पांच बार से चुनाव जीतते आ रहे गिरीश महाजन को 2009 में संजय गरुड़ की टक्कर में महज 7 हजार वोटों की बढत से जीत हासिल हुयी थी। 2014 में डिगंबर पाटील के खिलाफ़ महाजन ने 34 हजार वोटों के भारी अंतर से जीत का परचम लहराया था। आज फ़िर से महाजन के खिलाफ़ गरुड़ ने उसी दमखम से ताल ठोकी है। जानकारो के मुताबीक इस सीट पर 2009 की तरह कांटे की टक्कर देखी जा सकती है जिसके आधिकारिक नतीजों के लिए आने वाली 24 अक्तूबर तक इंतजार करना होगा। जहां राज्य में चुनाव मतदान प्रक्रिया शुरु ही थी कि सर्वे के आधार पर न्यूज चैनल्स भाजपा शिवसेना की सरकार के गठन कि तैयारियों में इतने जुट चुके थे कि आदर्श आचारसंहिता के पालन को लेकर जारी कानूनी दिशानिर्देशो को भी झुठलाया गया। अब मीडिया की इस सर्वे वाली बहादुरी का खामीयाजा किसे उठाना पड़ेगा यह बताने की कोई आवश्यकता नहीं है। नतीजे जो भी हों लोकतंत्र में एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर आम लोगों को 24 तारीख की प्रतिक्षा करना ही उचित होगा।
