निहाल चौधरी, इटवा/सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
खेल प्रतिभाओं को निखारने और ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यंग स्पोर्टिंग क्लब बढ़या के तत्वाधान में एक दिवसीय डे-नाइट वालीबाल टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। टूर्नामेंट में क्षेत्र की कई टीमों ने भाग लिया और खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। देर रात तक चले मुकाबलों में खेल प्रेमियों की भारी भीड़ मौजूद रही और पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल बना रहा।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला जमोहना और गोण्डा टीम के बीच खेला गया, जो काफी रोमांचक रहा। मुकाबले में जमोहना टीम शुरू से ही मजबूत स्थिति में नजर आई। 25-25 अंक के सेट वाले इस मुकाबले में जमोहना टीम ने बेहतरीन तालमेल, तेज सर्विस और मजबूत डिफेंस के दम पर दोनों सेट जीतकर गोण्डा टीम को पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। जमोहना टीम के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान जमोहना टीम के खिलाड़ी करन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनके शानदार खेल, तेज स्मैश और बेहतरीन बचाव ने टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दर्शकों और आयोजकों ने उनके प्रदर्शन की सराहना की।
फाइनल मुकाबले के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। विजेता टीम जमोहना को ट्रॉफी के साथ ₹11,000 नगद पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि उपविजेता टीम गोण्डा को ट्रॉफी एवं ₹6,000 नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विजेता टीम को ट्रॉफी मुख्य अतिथि निहाल चौधरी द्वारा प्रदान की गई। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल के महत्व पर प्रकाश डाला और युवाओं को नियमित अभ्यास करने व खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व ब्लॉक प्रमुख इज़हार अहमद, विधानसभा क्षेत्र 305 इटवा के समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष एज़ाज़ सिद्दीकी (पत्रकार) तथा बिलाल अहमद उपस्थित रहे। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं और युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं।
आयोजकों ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया।

