विवेक जैन, बागपत (यूपी), NIT:
जनपद बागपत के सरूरपुर कलां गांव में 21 जून से आयोजित श्रीमज्जिनेन्द्र आदिनाथ जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव एवं विश्वशांति महायज्ञ के अंतर्गत मंगलवार को जन्म कल्याणक की धार्मिक क्रियाओं का भव्य आयोजन किया गया।
मंगलवार को आयोजित कार्यक्रमों में भगवान का अभिषेक, शांतिधारा, नित्य पूजन, हवन, तीर्थंकर प्रभु का जन्मोत्सव, बधाई गीत, सौधर्म इन्द्र एवं शची द्वारा तीर्थंकर बालक के प्रथम दर्शन, मंगल प्रवचन, जन्माभिषेक कलश चयन, जन्म कल्याणक शोभायात्रा, पांडुक शिला पर जन्माभिषेक, नामकरण संस्कार, तीर्थंकर बालक का श्रृंगार, महाआरती तथा शास्त्र सभा का आयोजन किया गया। संध्या बेला में जन्म कल्याणक पर आधारित नाटक का भव्य मंचन भी हुआ।
दिल्ली-एनसीआर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री विनिश्चयसागर जी मुनिराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर सौधर्म इन्द्र बनने का सौभाग्य मेरठ निवासी रेशु जैन एवं अक्षय अग्रवाल, धनपति कुबेर बनने का सौभाग्य मिताली जैन एवं सागर जैन तथा महायज्ञनायक बनने का सौभाग्य कृष्णानगर, दिल्ली निवासी मनोज जैन एवं दीपा जैन को प्राप्त हुआ।
ज्योति कॉलोनी, दिल्ली निवासी महेश जैन, गौरव जैन, ऋषभ जैन एवं निखिल जैन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम में मुख्य प्रतिष्ठाचार्य बाल ब्रह्मचारी नमन भैया, सह-प्रतिष्ठाचार्य पंडित पवन दीवान, पंडित सुलभ, पंडित जयकुमार, पंचकल्याणक महोत्सव समिति के अध्यक्ष प्रदीप जैन, उपाध्यक्ष नवीन जैन, महामंत्री प्रवीण जैन, कोषाध्यक्ष मनीष जैन, सह-कोषाध्यक्ष विपिन जैन, उपमंत्री आशीष जैन सहित समिति के पदाधिकारी, जैन समाज सरूरपुर कलां एवं अन्य स्थानों से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

