अवैध उत्खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, महेवा सरपंच पर ₹86 लाख का जुर्माना | New India Times

संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में अवैध उत्खनन के मामले में प्रशासन ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। जिले की गुनौर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत महेवा के सरपंच राजेश कुमार व्यास पर कलेक्टर श्रीमती उषा परमार ने ₹86 लाख का जुर्माना लगाया है। सरपंच पर सरकारी भूमि से बिना अनुमति पत्थर, मुरम और मिट्टी का अवैध उत्खनन करने का आरोप सिद्ध होने के बाद यह कार्रवाई की गई।

15 दिन में राशि जमा नहीं करने पर दोगुना जुर्माना
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सरपंच को 15 दिनों के भीतर जुर्माने की राशि सरकारी खजाने में जमा करनी होगी। निर्धारित समय सीमा में राशि जमा नहीं करने पर उनसे दोगुनी राशि, यानी ₹1 करोड़ 72 लाख, वसूली जाएगी।

जांच में सामने आया अवैध उत्खनन
जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों ने अवैध उत्खनन की शिकायत प्रशासन से की थी। शिकायत की जांच खनिज विभाग को सौंपी गई। विभाग की जांच में शिकायत सही पाई गई।

जांच रिपोर्ट के अनुसार, आरजी क्रमांक 4703 की 3.60 हेक्टेयर सरकारी भूमि से बिना अनुमति बड़े पैमाने पर पत्थरों का अवैध उत्खनन किया गया। वहीं आरजी क्रमांक 4710/1 की 1.40 हेक्टेयर भूमि से लगभग 400 घन मीटर मिट्टी और मुरम का भी अवैध रूप से उत्खनन किया गया।

खनिज विभाग की जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कलेक्टर ने दोषी सरपंच के विरुद्ध यह कड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन की इस सख्ती से क्षेत्र के भू-माफियाओं और अवैध उत्खनन में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.