मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं भारत की अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू तथा महापौर श्रीमती माधुरी पटेल ने लालबाग रोड स्थित जिला नेत्र चिकित्सालय परिसर में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग, समर्पण और अखंड भारत के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए जो संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्रीय एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका प्रसिद्ध नारा, “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे”, देश की राजनीति में ऐतिहासिक महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 और 35ए हटाकर उनके संकल्प को साकार किया गया।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज जिन ऊंचाइयों पर पहुंची है, उसके पीछे पार्टी के संस्थापकों और वरिष्ठ नेताओं का त्याग, तपस्या और राष्ट्र के प्रति समर्पण है। भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवाद के विचारों को लेकर जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ रही है।
इस अवसर पर श्रीमती चिटनिस ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिमा परिसर में आकर्षक उद्यान विकसित करने तथा लालबाग मार्ग से जिला नेत्र चिकित्सालय तक भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि यह परिसर राष्ट्रवादी विचारों और जनसेवा की प्रेरणा का केंद्र है, इसलिए इसके समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने जिला नेत्र चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चल रहे सुधार एवं उन्नयन कार्यों की समीक्षा भी की। उनके निर्देशानुसार अस्पताल में विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने, आरओ वाटर कूलर लगाने, भवन मरम्मत, रंग-रोगन, प्लंबिंग, फर्नीचर व्यवस्था तथा ऑपरेशन थिएटर के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने सहित विभिन्न कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं। उन्होंने सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारतीय जनसंघ के संस्थापक और जम्मू-कश्मीर के पूर्ण एकीकरण के प्रबल समर्थक थे। वे अनुच्छेद 370 के घोर विरोधी थे। वर्ष 1953 में बिना परमिट जम्मू-कश्मीर जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर नजरबंद कर दिया गया था। हिरासत के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और 23 जून 1953 को संदेहास्पद परिस्थितियों में उनका निधन हो गया।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मुकेश पुर्वे ने बताया कि कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री चिंतामन महाजन, ईश्वर चौहान, संजय जाधव, किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री मनोज लधवे, पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप श्रॉफ, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सावित्री बत्रा, पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष राजू पाटील, पूर्व महापौर अनिल भोसले सहित बड़ी संख्या में भाजपा के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

