मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

यवतमाल शहर के मनदेव क्षेत्र में तेज़ रफ्तार कार से हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक संपन्न परिवार से जुड़े युवक पर आरोप है कि वह नशे की हालत में लापरवाहीपूर्वक तेज गति से वाहन चला रहा था। इसी दौरान उसने सड़क किनारे मौजूद परिवार को टक्कर मार दी, जिससे यह दुखद हादसा हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष अपने आर्थिक प्रभाव का इस्तेमाल कर मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
शहर में बढ़ती नशाखोरी और युवाओं की स्टंटबाजी को लेकर भी नागरिकों ने चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि देर रात तक कई स्थानों पर युवाओं का जमावड़ा रहता है, जहां नशीले पदार्थों का सेवन और तेज रफ्तार वाहन चलाने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जिससे आमजन की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।
इस घटना के बाद नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने मासूम बच्ची को न्याय दिलाने की मांग तेज़ कर दी है। लोगों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
