ज़फ़र खान, अकोट/अकोला (महाराष्ट्र), NIT:
अकोट शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला के गले से चोरी हुआ लगभग 75 हजार रुपये मूल्य का सोने का मंगलसूत्र बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी रेखा देवेंद्र सदार (60), निवासी पिंपळोद, तहसील दर्यापुर, जिला अमरावती, अपनी भाभी संगीता विनोद फसाले के साथ 20 मई 2026 को उपचार के लिए अकोट स्थित एक निजी अस्पताल आई थीं। उपचार पूरा होने के बाद दोनों महिलाएं दोपहर करीब 1 बजे पिंपळोद जाने के लिए अकोट बस स्टैंड पहुंचीं।
इसी दौरान अकोट से यवतमाल जाने वाली बस में अत्यधिक भीड़ होने के कारण बस में चढ़ते समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने रेखा सदार के गले से 11.50 ग्राम वजन का सोने का मिनी मंगलसूत्र चोरी कर लिया। चोरी हुए मंगलसूत्र की कीमत लगभग 75 हजार रुपये बताई गई है।
शिकायत मिलने पर अकोट शहर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 503/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान फरियादी द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर अकोट शहर पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शैलेन्द्र उर्फ बंडू सुरेश जाधव (44), निवासी बलभीमनगर, जिला बीड के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसने चोरी किया गया सोने का मंगलसूत्र बस स्टैंड जाने वाले मार्ग के किनारे एक पत्थर के नीचे छिपाकर रखा था। पुलिस ने पंचों की उपस्थिति में उक्त मंगलसूत्र बरामद कर जब्त कर लिया।
मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक, अपर पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी तथा सहायक पुलिस अधीक्षक निखिल पाटील के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अमोल माळवे, उपनिरीक्षक निलेश बारहाते, उपनिरीक्षक समाधान मिसाळ सहित डीबी पथक के पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से की।

