शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:
लखनऊ में ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के महासचिव कामरेड शिवगोपाल मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित खिचड़ी भोज कार्यक्रम में प्रदेश भर से केंद्रीय एवं राज्य कर्मचारियों ने सहभागिता की। यह कार्यक्रम राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष हरि किशोर तिवारी के आमंत्रण पर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम से लौटने के पश्चात राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद एवं पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ की संयुक्त बैठक तारामंडल स्थित बंटी लॉन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद के गोरखपुर मंडल अध्यक्ष गोविंद जी श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल द्वारा किया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में रूपेश कुमार श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के महामंत्री विनोद राय उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि लखनऊ में आयोजित खिचड़ी भोज कर्मचारियों के एक बड़े आंदोलन की दिशा तय करने का माध्यम बना है।
उन्होंने बताया कि कामरेड शिवगोपाल मिश्रा एवं हरि किशोर तिवारी द्वारा संयुक्त रूप से आगामी रणनीति तैयार की गई है। सरकार के साथ हुई बैठक में यह स्पष्ट कर दिया गया है कि यदि यूपीएस को हूबहू पुरानी पेंशन के समान नहीं किया गया तो कर्मचारी इसे स्वीकार नहीं करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि आठवें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर पर विशेष ध्यान देने की मांग रखी गई है। कर्मचारियों की ओर से फिटमेंट फैक्टर 3.86 किए जाने का प्रस्ताव दिया गया है, जिस पर सरकार से सहमति बनने की प्रक्रिया जारी है।
विशिष्ट अतिथि विनोद राय ने कहा कि स्टाफ साइड द्वारा आठवें वेतन आयोग से संबंधित प्रमुख मांगें—फिटमेंट फैक्टर, पेंशनरों को आठवें वेतन आयोग का लाभ, पेंशनरों को 65, 70 एवं 75 वर्ष की आयु पर 5 प्रतिशत अतिरिक्त डीए, रेलवे किराये में छूट तथा कोरोना काल में फ्रीज किए गए डेढ़ वर्ष के एरियर—केंद्र सरकार तक पहुंचाई गई हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
संचालन कर रहे महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार से सभी सहमत मांगों को शीघ्र पूरा करने, कोरोना काल में निलंबित भत्तों को बहाल करने तथा पुरानी पेंशन अथवा हूबहू पुरानी जैसी यूपीएस लागू करने की मांग दोहराई गई है।
बैठक में पंडित श्याम नारायण शुक्ल, राजेश सिंह, अनिल द्विवेदी, बंटी श्रीवास्तव, राजेश मिश्रा, अनूप कुमार, इंजीनियर सौरभ श्रीवास्तव, संतोष सिंह, देवेश सिंह, दीपक चौधरी, इजहार अली, मिथिलेश तिवारी सहित अनेक कर्मचारी नेता उपस्थित रहे।

