मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

महिलाओं की शिक्षा, पारिवारिक व्यवस्था, नैतिक मूल्यों और समाज निर्माण में उनकी भूमिका को लेकर जमाअते इस्लामी हिन्द, जिला यवतमाळ नॉर्थ की ओर से रविवार, 20 सितंबर 2026 को एक दिवसीय जिलास्तरीय महिला परिषद का आयोजन किया जाएगा। परिषद सुबह 10 बजे रॉयल पैलेस, यवतमाळ में आयोजित होगी।
‘तुमसे है तामीर-ए-उम्मत, तुमसे है तहज़ीब-ए-हयात’ विषय पर आयोजित परिषद में महिलाओं की शिक्षा एवं ज्ञानवृद्धि के साथ परिवार और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, शिक्षा को केवल डिग्री तक सीमित न रखते हुए नैतिक मूल्यों, पारिवारिक जिम्मेदारियों, सामाजिक जागरूकता और सेवा भावना से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
परिषद में जमाअते इस्लामी हिन्द महाराष्ट्र के अमीर-ए-हल्का मौलाना इलियास खान फलाही, जमाअते इस्लामी हिन्द की नेशनल असिस्टेंट सेक्रेटरी डॉ. खान मुबश्शिरा फिरदौस तथा इलाका विदर्भ शोबा-ए-ख्वातीन की सेक्रेटरी नफीसा अतीक विशेष वक्ता के रूप में मार्गदर्शन करेंगी।
‘हम ऐसी बनें’ प्रतियोगिता के विजेताओं का होगा सम्मान
परिषद के दौरान मौलाना खैरआबादी की पुस्तक ‘हम ऐसी बनें’ पर आधारित अनुवाद प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। स्कूल, जूनियर कॉलेज और स्नातक स्तर के लिए अलग-अलग पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। प्रथम पुरस्कार ₹5,000, द्वितीय ₹3,000 तथा तृतीय पुरस्कार ₹2,000 रखा गया है।
प्रतियोगिता के लिए पांढरकवड़ा स्थित जिला परिषद उर्दू हाईस्कूल, अग्रेसन चौक तथा यवतमाळ के इक़रा उर्दू मीडियम स्कूल, बिलाल कॉलोनी में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा 13 सितंबर 2026 को दोपहर 12:30 से 2 बजे तक आयोजित की गई।
आयोजकों ने जिले की महिलाओं और युवतियों से परिषद में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उनका कहना है कि महिलाओं की शिक्षा और जागरूकता परिवार के साथ-साथ व्यापक सामाजिक विकास से भी जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
संपर्क : 9822377510

