वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:
अपर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ जोन, लखनऊ सुजीत पाण्डेय द्वारा जनपद खीरी के थाना पलिया का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने सम्पूर्ण थाना परिसर का भ्रमण किया तथा विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ गोष्ठी भी आयोजित की गई।
अपर पुलिस महानिदेशक सुजीत पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक खीरी संकल्प शर्मा के साथ थाना पलिया का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना पलिया की पुलिस सलामी गार्द द्वारा उन्हें सलामी दी गई।
निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, मेस, बैरक, कंप्यूटर कक्ष आदि का निरीक्षण किया गया। थाना परिसर एवं कार्यालय की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
महोदय द्वारा अपराध रजिस्टर, न्यायालय आदेश पुस्तिका, एनबीडब्ल्यू/कुर्की रजिस्टर, सम्मन रजिस्टर, गुंडा रजिस्टर, समाधान दिवस एवं सम्पूर्ण समाधान दिवस रजिस्टर, महिला उत्पीड़न रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, बीट सूचना रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया गया। सभी रजिस्टरों को सुव्यवस्थित एवं अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए गए।
महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई कर उनका विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने तथा थाने पर लंबित विवेचनाओं का गुण-दोष के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। महिला हेल्प डेस्क एवं मिशन शक्ति केंद्र की समीक्षा करते हुए महिला पुलिसकर्मियों को फरियादियों से शालीन व्यवहार एवं उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने, मुकदमों से संबंधित माल मुकदमाती एवं थाना परिसर में खड़े वाहनों के विधिक निस्तारण तथा अपराध की रोकथाम हेतु नियमित व प्रभावी गश्त करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के उपरांत अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ गोष्ठी की गई। उन्होंने प्रभावी रात्रि गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने, प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले व सुनसान क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्त तथा एंटी-रोमियो टीम द्वारा निरंतर भ्रमण कर शोहदों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कस्बा एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी पूरी सतर्कता और सक्रियता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी अमित राय, सहायक पुलिस अधीक्षक खीरी/क्षेत्राधिकारी सदर विवेक तिवारी, क्षेत्राधिकारी पलिया जितेंद्र सिंह परिहार, थानाध्यक्ष पलिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

