मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
मुंबई से प्रकाशित प्रतिष्ठित उर्दू साहित्यिक पत्रिका मासिक उर्दू आंगन और इसके प्रधान संपादक जनाब मुशीर अहमद अंसारी किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। वे मुंबई की मशहूर और मारूफ़ शख्सियत हैं और कई वर्षों से उर्दू भाषा एवं साहित्य के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर सक्रिय हैं। हर वर्ष 31 दिसंबर को उनके कुशल नेतृत्व में आयोजित होने वाला मुशायरा साहित्यिक जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है, जिसका संपूर्ण श्रेय जनाब मुशीर अहमद अंसारी को जाता है।
इस वर्ष यह मुशायरा 31 दिसंबर के बजाय 3 जनवरी 2026 को आयोजित किया जा रहा है। इसके पीछे एक भावनात्मक कारण जुड़ा है— टीम के सक्रिय सदस्य, प्रसिद्ध फुटबॉलर एवं समाजसेवी मरहूम नईम अंसारी के निधन के बाद उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मासिक उर्दू आंगन एवं तंज़ीम सेवा के संयुक्त तत्वावधान में ऑल इंडिया गोल्डन जुबली मुशायरा का भव्य आयोजन शनिवार, 3 जनवरी 2026, शाम 6 बजे, ऐतिहासिक खिलाफ़त हाउस, बायख़ला ईस्ट, मुंबई-27 में किया जाएगा। इस महफ़िल की अध्यक्षता प्रख्यात सामाजिक एवं साहित्यिक व्यक्तित्व श्री अब्दुर्रज़्ज़ाक बाबा चौधरी करेंगे।
मुशायरे में देश के नामचीन और वरिष्ठ शायर अपना कलाम पेश करेंगे, जिनमें—
डॉ. नवाज़ देवबंदी, हाशिम फ़िरोज़ाबादी, हाशिम नोमानी, अनवर कमाल, सतलज राहत (मरहूम राहत इंदौरी के सुपुत्र), अमान हैदर, ताहिर नक्काश (बुरहानपुर), राजवीर राज, राहत हरारत, आदित्य ज़रख़ेज़, डॉ. क़ासिम इमाम (मुंबई), यूसुफ़ यलग़ार (मुंबई) और लता हया (मुंबई) शामिल हैं।
मुशायरे की निज़ामत के फ़राइज़ जनाब मनान फ़राज़ जबलपुरी (मुंबई) अदा करेंगे। यह उल्लेखनीय है कि जनाब मुशीर अहमद अंसारी कई वर्षों से उर्दू साहित्य के उत्थान, स्तरीय मुशायरों के सफल आयोजन और नए शायरों को मंच प्रदान करने में सराहनीय भूमिका निभा रहे हैं। उनकी अथक मेहनत और सशक्त संगठन क्षमता के कारण ऐसे भव्य आयोजन संभव हो पाते हैं, जो उर्दू अदब के लिए अत्यंत शुभ संकेत हैं।
आयोजन समिति के अनुसार, मुशायरे के कन्वीनर जनाब मुशीर अहमद अंसारी, जबकि को-कन्वीनर जनाब शहज़ाद अब्राहानी हैं। आयोजकों ने सभी उर्दू प्रेमियों से अपील की है कि चुनाव आचार संहिता का ध्यान रखते हुए समय पर पहुँचकर इस यादगार गोल्डन जुबली मुशायरे को सफल बनाएं।
