मोहम्मद इसहाक मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र), NIT:
मध्यप्रदेश के मैहर जिले के अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ललितपुर नंबर-2 स्थित धान खरीदी केंद्र का कलेक्टर मैहर रानी बाटेड, एसडीएम अमरपाटन आरती सिंह एवं तहसीलदार अमरपाटन आर.डी. साकेत की संयुक्त टीम द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खरीदी केंद्र पर एक फर्जी सर्वेयर गौरव पांडेय कार्य करते हुए पाया गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि खरीदी केंद्र प्रभारी द्वारा किसानों से अवैध वसूली कराने के उद्देश्य से फर्जी सर्वेयर को नियुक्त किया गया था। किसानों को विभिन्न प्रकार के झांसे देकर उनसे मनमाने ढंग से पैसे वसूले जा रहे थे। परेशानी से बचने के लिए कई किसान मजबूरी में रिश्वत देने को विवश थे।

धान खरीदी केंद्र के निरीक्षण के पश्चात कलेक्टर एवं एसडीएम ने ताला तहसील का भी निरीक्षण किया। इसी दौरान भाजपा ताला मंडल के महामंत्री दीनबंधु चौधरी ने भाजपा पदाधिकारियों के साथ कलेक्टर मैहर को अपनी शिकायत से अवगत कराया।

दीनबंधु चौधरी ने बताया कि उनकी पत्नी की स्वयं की भूमि पर कुछ दबंग व्यक्तियों द्वारा तेज़ी से मकान निर्माण कराया जा रहा है, जबकि नायब तहसीलदार ताला न्यायालय द्वारा उक्त भूमि पर स्थगन आदेश (स्टे ऑर्डर) जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद दबंगों द्वारा निर्माण कार्य जारी है, जिसकी जानकारी पुलिस चौकी मुकुंदपुर एवं थाना ताला को भी दी गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि थाना ताला पुलिस उन्हें पुलिस चौकी मुकुंदपुर भेज देती है, जबकि पुलिस चौकी मुकुंदपुर से यह कहकर टाल दिया जाता है कि ताज़ा आदेश लेकर आइए। जब नायब तहसीलदार ताला से संपर्क किया गया तो संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया और मामला टालने का प्रयास किया गया।

शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर मैहर ने नायब तहसीलदार ताला को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के मौखिक निर्देश दिए। इस पूरे मामले ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब सत्ता पक्ष से जुड़े भाजपा ताला मंडल के महामंत्री को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है, तो आम नागरिकों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
