गुलज़ार अहमद,भोंगाव/मैनपुरी (यूपी), NIT;
जनपद मैनपुरी की नगर पंचायत भोंगाव में निकाय चुनाव को लेकर जहां घमासान मचा हुआ है, वहीं प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। शुक्रवार को दोपहर निकाय चुनाव प्रेक्षक धीरज कुमार ने नगर पंचायत भोंगाव के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी भोंगाव संदीप कुमार, क्षेत्राधिकारी भोंगाव परमानंद पांडे, अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत भोंगाव श्याम वरन सरोज, इंस्पेक्टर भोंगाव शशिकांत शर्मा मौजूद रहे। सबसे पहले चुनाव प्रेक्षक नेशनल इंटर कॉलेज भोंगाव पहुंचे, जहां मतदान केंद्र पर बने बूथों का निरीक्षण किया। कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी ली।
उसके बाद बीआरसी भोंगाव पहंचे जहां बेरिकेटिंग आदि लगवाए जाने की बात कहीं और साथ ही विद्यालय परिसर के अंदर पड़ी मिट्टी को सही ढंग से एकतार कराने के निर्देश दिए। उसके बाद नगर के मोहल्ला बड़ा बाजार स्थित इस्लामियां स्कूल पहुंचे जहां स्कूल परिसर में लगे ईंटों के ढेर को देखकर भड़क गए। स्कूल परिसर के बाहर जमा लोगों से मतदान पर्ची आदि प्राप्त होने की जानकारी ली, जिस पर नगर वासियों ने कहा कि उन्हें समय पर्ची प्राप्त हो गयी हैं। इसके बाद रसूलाबाद मतदान केंद्र पर पहुंचे, जहां विद्युत व्यवस्था व बाहर लगे कूड़े को देखकर नाराजगी व्यक्त करते अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत भोंगाव से तत्काल व्यवस्था को दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए।
वहीं इंस्पेक्टर भोंगाव शशिकांत शर्मा से हिस्ट्रीशीटर, गुंडाएक्ट, असलाह जमा कराने आदि की जानकारी ली। जिस पर इंस्पेक्टर भोंगाव शशिकांत शर्मा ने बताया कि भोंगाव थाना क्षेत्र में कुल 73 हिस्ट्रीशीटर हैं, जिसमें 19 बुजुर्ग हैं, बाकी 54 के खिलाफ कार्यवाही की गई है। 2863 लीटर शराब बरामद की गई, 1407 लोगों को 2-2 लाख के मुचलके में पाबंद किया गया, 22 लोगों को 5- 5 लाख के मुचलकों में पाबंद किया गया, 42 लोगों पर 110 G यानी मिनी गुंडाएक्ट की कार्यवाही की गई। तीन मुकद्दमों में 12 सक्रिय मुलजिम है जिनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्यवाही की गई है। चार अवैध शस्त्र भी बरामद किए गए। कुल 1400 असलाह में से 1150 असलाह जमा कराए गए। कुछ असलाह धारक बाहर नौकरी कर रहे हैं, कुछ असलाह धारक पेट्रोल पंप व बैंक आदि में गार्ड की नौकरी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत भोंगाव में कुल 10 मतदान स्थल हैं, जिसमें कुल 32 बूथ हैं। जिनमें मतदान केंद्र रसूलाबाद व इस्लामियां स्कूल बड़ाबाजार को अतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है, बाकी आठ मतदान केंद्रों को संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है।
