अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
राजधानी भोपाल में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच भोपाल ने एम.पी. नगर क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई करते हुए सीहोर निवासी 50 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपिया के कब्जे से 10 किलो 270 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस आयुक्त संजय कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला द्वारा सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त अपराध अखिल पटेल एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अपराध शैलेन्द्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एम.पी. नगर स्थित जीवन बीमा कार्यालय के सामने मैदान में एक महिला गांजा विक्रय हेतु आने वाली है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और बताए गए हुलिए की महिला को हिरासत में लिया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम सीता बाई कुचबंदिया (50 वर्ष) निवासी गंज मोहल्ला, सीहोर बताया। विधि अनुसार धारा 50 एनडीपीएस एक्ट की कार्यवाही पूर्ण कर महिला आरक्षक की उपस्थिति में तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान सफेद प्लास्टिक की बोरी में खाकी टेप से लिपटे तीन पैकेट बरामद हुए। जांच में उनमें हरे-भूरे रंग का मादक पदार्थ गांजा पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौलने पर कुल वजन 10 किलो 270 ग्राम निकला। पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी जप्त किया है।
जप्त मादक पदार्थ को पंचों की उपस्थिति में सीलबंद कर आरोपिया के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। जप्त माल को मालखाने में जमा करा दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपिया की शैक्षणिक योग्यता अनपढ़ है और वह कपड़े बेचने का कार्य करती है। मामले में यह जांच की जा रही है कि गांजा की आपूर्ति किस स्रोत से हो रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
क्राइम ब्रांच भोपाल ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
सराहनीय भूमिका:-उनि राजकिशोर मिश्रा उनि.अनिल तिवारी सउनि चन्द्रमोहन मिश्रा प्र.आर.अनिल वर्मा,आर.महेन्द्र राजपूत,आर.मलखान सिंह,आर.अनिल दांगी,आर.फिरोज खान,आर विजय सेंगर,आर निलेश वर्मा,आर.विवेक नामदेव, म.आर .अनुराधा बघेल, मआर संध्या शर्मा

