मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

दमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत भीमकुंड नदी में स्नान करने गए महाराष्ट्र के श्रद्धालु की डूबने से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार नागपुर निवासी श्रद्धालु महादेव मेले में शामिल होने के दौरान भीमकुंड नदी में स्नान करने गया था, तभी वह गहरे पानी में डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रधान आरक्षक संदीप चौरसिया, एसडीआरएफ हवलदार राम प्रसाद सिंगोटिया, सैनिक दीपेंद्र वरकडे, सैनिक राजा मार्सकोले, सैनिक अजय कुमार धुर्वे सहित टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सर्चिंग ऑपरेशन चलाया गया। करीब आधे घंटे चले सर्च ऑपरेशन के दौरान शव बरामद किया गया।
मृतक की पहचान शिव शंकर (उम्र 40 वर्ष), निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

