गणेश मौर्या, ब्यूरो चीफ, अंबेडकर नगर (यूपी), NIT:
महरुआ थाना क्षेत्र में फरार चल रहे पास्को एक्ट व अवैध धर्म परिवर्तन के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था और वह काफी समय से फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक व अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी भीटी और थानाध्यक्ष महेन्द्र सरोज के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। उ0नि0 अमित कुमार सिंह, हे0का0 धीरज कुमार, का0 नितिन सिंह व म0का0 आशा यादव की टीम ने मुखबिर की सूचना पर सरहरी पेट्रोल पंप के पास दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मो. कैफ पुत्र यार मोहम्मद निवासी ग्राम सरखने किशुनीपुर, थाना महरुआ के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध थाना महरुआ में मु0अ0सं0 25/26 के तहत धारा 87/137(2), 64(1) बीएनएस, 5/6 पाक्सो एक्ट तथा 3/5(1) उ.प्र. विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने 14 फरवरी 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे सरहरी पेट्रोल पंप के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। साथ ही अपहता को सकुशल बरामद कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

