अबरार अहमद खान/मुकीज खान, भोपाल (मप्र), NIT:

नगरीय विकास एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने निवास पर जिला अधिकारियों के साथ नगरीय क्षेत्रों के कार्यों की समीक्षा बैठक ली। इस मैके पर उन्होंने कलेक्टर अविनाश लवानिया, नगर निगम कमिश्नर केवीएस चौधरी कोलसानी समेत बिजली कंपनी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजधानी की सभी स्ट्रीट लाइट आज से सुचारू हो जाएं। शहर के सभी क्षेत्रों में समय पर लाइट चालू हो। इसका नगर निगम द्वारा लगातार निरीक्षण किया जाए।
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने निर्देश दिए कि रात्रि समय में नगर निगम के अधिकारी औचक निरीक्षण भी करें। इसकी अद्यतन रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों दी जाए। एमपीईबी और नगर निगम के बीच यदि कोई मामला लंबित है तो उसे तुरंत कलेक्टर के संज्ञान में लाया जाए साथ ही इस तरह के कोई भी मामले हों तो संबंधित विभाग कलेक्टर को अवगत कराएं।
कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया ने इस संबंध में बताया कि नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाईट संबंधी समस्या नहीं होने दी जाएगी। नगर निगम आयुक्त इस संबंध में सभी आवश्यक कार्रवाई कर लाईट की सप्लाई सुचारू करवायेंगे।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि विभागों को भी आपस में बात करना चाहिए। यह लोगों की सुरक्षा से भी जुड़ा मामला है। मंत्री श्री सिंह ने नगर निगम कमिश्नर को निर्देशित किया कि राजस्व वसूली भी सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने मंत्री श्री सिंह को आश्वस्त किया कि आगे से ऐसी स्थिति नहीं बनेगी।
