हिमांशु सक्सेना/ चेतन रजक, ग्वालियर (मप), NIT:

कोरोना की सेकंड वेव अब ड्यूटी पर लगे पुलिस अफसरों को भी चपेट में लेने लगी है। ग्वालियर में पुलिस अधीक्षक अमित सांघी सहित डीएसपी, टीआई व सब इंस्पेक्टर मिलाकर कुल 135 पुलिस जवान व अफसर कोरोना पॉजीटिव हो चुके हैं। इससे काम भी प्रभावित हो रहा है। लगातार पुलिस जवान और अफसरों के संक्रमण की चपेट में आने से चिंता बढ़ती जा रही है क्योंकि पुलिस जवान व अफसर लगातार घूम रहे हैं ऐसे में यह संक्रमण और भी फैल सकता है।

प्रदेश में कोरोना संक्रमण चरम पर है। इससे आम लोगों के साथ पुलिसकर्मी भी नहीं बच पाए हैं। ग्वालियर जिले की बात करें, तो बीते एक महीने में तेजी से वायरस ने जवानों को चपेट में लिया है। कई पुलिसकर्मी ऐसे भी हैं, जो कोरोना से बचाव के लिए टीका लगवा चुके हैं। अब तक कुल 135 पुलिस जवान और अफसर कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इसके अलावा हाल ही में एक वरिष्ठ पुलिस आरक्षक की कोरोना से मौत भी हो गई।
वैक्सीनेशन के बावजूद एसपी हुए पॉजिटिव
पिछले दिनों ग्वालियर एसपी अमित सांघी भी कोरोना पॉजिटिव हो गए। उनको कोविशील्ड वैक्सीन के दोनों डोज लिए 20 से ज्यादा दिन हो चुके थे, लेकिन इसके बाद भी वायरस ने उनको चपेट में ले लिया। वहीं कोरोना ने फ्रंटलाइन वर्कर बिजौली थाना में पदस्थ पुलिस आरक्षक हरवीर सिंह यादव को अपनी चपेट में लिया था। आठ दिन इलाज के बाद हरवीर ने आखिर में दम तोड़ दिया था।
बिना पीपीई किट पहने अस्पतालों में जाना पड़ता है
इस समय ज्यादातर सरकारी विभागों के कर्मचारियों और अफसरों ने कोविड अस्पताल और वार्ड से दूरी बना ली है। स्वास्थ्य विभाग के लोग और डॉक्टर भी पीपीई किट में रहते हैं। दूसरी तरफ जैसे ही कोई घटना हो जाती है, तो जवान और अफसरों को तत्काल मोर्चा संभालने कोविड अस्पताल में अंदर तक जाना पड़ता है। कुछ दिन पूर्व ऑक्सीजन की किल्लत से जेएएच के कमलाराजा में हुई ताबड़तोड़ मौतों के बाद मचे हंगामे के बीच स्थिति संभालने पहुंचा एक जवान भी संक्रमित हो गया था।
