संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश शासन एवं उच्च शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत डॉ. भगवत सहाय शासकीय महाविद्यालय, ग्वालियर में ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के अंतर्गत एनसीसी के तत्वावधान में ‘नमो सेवा (अनकही कहानियां)’ विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने प्रभावी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों के साथ डिजिटल इंडिया, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत अभियान और आयुष्मान भारत जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कैडेट्स ने योजनाओं के सामाजिक प्रभावों को रचनात्मक एवं सरल तरीके से विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों के समक्ष प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीना श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इसका नेतृत्व नोडल अधिकारी डॉ. योगेंद्र जैन एवं एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट डॉ. रजनी सिंह ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने कैडेट्स की प्रस्तुति की सराहना की।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं उपस्थित दर्शकों को देश की विकास यात्रा तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। अंत में सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

