फराज़ अंसारी, ब्यूरो चीफ, बहराइच (यूपी), NIT:

लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमितों के आंकड़ों ने जहां प्रशासन की चिंता बढ़ाई वहीं दूसरी ओर जनपद में आक्सीजन सिलेंडरों की किल्लत के मामले भी सामने आ रहे हैं। हालांकि प्रशासन दावा कर रहा है कि जनपद में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध है। बावजूद इसके लगातार आमजन को ऑक्सीजन सिलेंडरों की मांग को पूरा करने के लिए जद्दोजहद करना पड़ रहा है। हाल ही में शहर के निजी नर्सिंगहोम के चिकित्सक द्वारा भी नर्सिंगहोम में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध न कराए जाने को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को एक पत्र दिया गया था। वहीं ऑक्सीजन की किल्लत के चलते मचे हाहाकार के बीच समाजसेवियों की पहल रंग लाती नजर आ रही है। बता दें कि हाल ही में पयागपुर विधायक व नगर विधायक सहित जिले में ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाने को लेकर पत्र जारी कर निधि से पैसा देने की घोषणा भी जनप्रतिनिधियों द्वारा की गई थी। लेकिन कहते हैं कि जब कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो मुसीबत कितनी भी बड़ी क्यों ना हो हर राह आसान हो जाती है। कुछ इसी तरह शहर के सलारगंज निवासी सरवर अली व उनके मित्रों ने जनपद में आक्सीजन सिलेंडरों की किल्लत व हाहाकार को देखते हुए एक नई पहल की शुरुआत की और गुड़गांव से ऑक्सीजन मशीन मंगाकर बहराइच मेडिकल कॉलेज में स्थापित करवाई है।
ज्ञात हो कि सलारगंज निवासी सरवर अली व उनके मित्रों ने गुड़गांव की एक कंपनी से संपर्क साधा और करीब 20 लाख रुपयों में मिलने वाली मशीन को 16 लाख रूप की लागत से खरीदा। सोमवार को सरवर अली व उनके मित्रों द्वारा मेडिकल कॉलेज के एल-1 अस्पताल में ऑक्सीजन मशीन की स्थापना कराई गई। इस दौरान सरवर अली ने बताया कि इस मशीन के जरिए प्रतिदिन 64 हजार 8 सौ लीटर ऑक्सीजन मशीन से मिल सकेगी। जिससे 11 से 12 मरीजों को ऑक्सीजन उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने बताया कि इस पूरे कार्य को 5 से 6 दिन के अंदर उन्होंने अपने मित्रों के साथ पूरा किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस आपदा के समय में हमें एकजुट होते हुए एक साथ मिलकर इस महामारी से लड़ना है और एक दूसरे की सहायता करनी है। ताकि हम इस महामारी से निजात पा सकें। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमें शासन प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइंस का पालन करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने सभी से मास्क व सामाजिक दूरी के नियमों का भी पालन करने की भी अपील की है।
