संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

सम्पूर्ण प्रदेश की भाँति ग्वालियर जिले में भी 10 जून से 20 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग का अमला गाँव-गाँव जाकर कार्य कर रहा है। अभियान की समीक्षा के लिए रविवार को कलेक्टर अनुराग चौधरी ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में बैठक ली। बैठक में दस्तक अभियान की प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी ने कहा है कि ग्वालियर जिला दस्तक अभियान में अव्वल आए, इसके लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाए। जिन अधिकारियों को अभियान के लिए ब्लॉक का प्रभारी बनाया गया है वे सभी अधिकारी अभियान के अंत तक ब्लॉक पर ही रहकर अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। ग्वालियर जिले की वर्तमान में अभियान में रैंकिंग 26वीं है। इस रैंकिंग को सुधारकर नम्बर एक पर लाने के लिए सभी को मेहनत करना होगी। अभियान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी।
कलेक्टर अनुराग चौधरी ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मृदुल सक्सेना को निर्देशित किया है कि दस्तक अभियान में स्वास्थ्य विभाग के समस्त अमले को लगाया जाए। वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर मैदानी स्तर तक के सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ता अभियान में प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी श्री राजीव सिंह से कहा है कि दस्तक अभियान में महिला-बाल विकास विभाग की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। विभाग का अमला अपनी जवाबदारियों का अच्छे से निर्वहन करें।
दस्तक अभियान के तहत जो कुपोषित बच्चे चिन्हित किए गए हैं, उनकी सूची महिला-बाल विकास एवं स्वास्थ्य विभाग अपने पास रखे। कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराया जाए। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारियों को भी दस्तक अभियान में सक्रिय भागीदारी कर अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में पिछोर की महिला एवं बाल विकास सुपरवाइजर को बिना सूचना के बैठक में उपस्थित न होने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।
अच्छा कार्य करने वालों को 15 अगस्त पर किया जायेगा सम्मानित
कलेक्टर अनुराग चौधरी ने दस्तक अभियान की समीक्षा के दौरान यह भी कहा है कि दस्तक अभियान में सराहनीय कार्य करने वाली तीन एएनएम, तीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, तीन आशा कार्यकर्ता और एक बीएमओ को सम्मानित किया जायेगा। इसके साथ ही अच्छा कार्य करने वाली पंचायतों को भी नगद राशि दी जायेगी।
किराए के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्र अब स्कूल भवन में संचालित होंगे
कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी ने बैठक में यह भी निर्देशित किया है कि जिले में जो आंगनबाड़ी केन्द्र किराए के भवन में संचालित हो रहे हैं उन्हें समीप के शाला भवन में शिफ्ट किया जाए। आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए स्कूल में कक्ष आवंटन का प्रस्ताव महिला एवं बाल विकास विभाग तैयार कर प्रस्तुत करे, ताकि उन्हें कक्ष आवंटित की कार्रवाई की जा सके।
