वी.के.त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी की गोला गोकर्णनाथ तहसील में बिजली कर्मियों द्वारा चेकिंग के नाम पर अवैध धन उगाही करने से नहीं चूकते और जब उपभोक्ता उनके मनमाफिक पैसे नहीं देता तो मुकदमा लिखवाने की धमकी देते हैं और गाली गलौज पर उतर आते हैं।

इसी तरह का मामला 01.06.2019 को सामने आया है। केडिया फार्म के पास रह रहे लईक खान के घर पर लगभग आधा दर्जन विद्युत कर्मी चेकिंग के नाम पर पहुंचे, बेल बजाने पर घर में अकेली मौजूद वृद्ध महिला को दरवाजा खोलने में देरी हो गई जिससे चेकिंग करने आए विद्युत कर्मियों का गुस्से का सामना करना पड़ा, महिला की मानें तो दरवाजा खोला तो विद्युत कर्मी नाराज होकर गाली गलौज करने लगे और बिजली का बिल मांगा इस पर महिला ने बिल भी दिखाया और मीटर में कहीं से भी कोई कमी नहीं निकली फिर भी विद्युत कर्मी ₹5000 मांगते रहे जिस पर महिला ने पैसे देने की असमर्थता जताई जिस पर गुस्साए विद्युत कर्मी अभद्रता करते हुए महिला पर मुकदमा करने की धमकी दी और महिला का कनेक्शन काटकर चले गए।

इस घटना के बाद जब घर के सारे सदस्य अपने कामकाज से वापस आए तो कनेक्शन कटने की वजह पूछी तो महिला ने आप बीती सुनाई जिससे महिला के पुत्र ने इस मामले की जानकारी प्रार्थना पत्र के जरिए उच्च अधिकारियों को दी तथा उसने विद्युत कर्मियों द्वारा अपनी मां के साथ हुए दुर्व्यवहार की जांच की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई। अब देखना यह है कि इस मामले को उच्च अधिकारी कितना संज्ञान में लेते हैं, क्या पीड़ित महिला को न्याय मिल पाएगा या फिर इसी तरह विद्युत विभाग के कर्मियों द्वारा उपभोक्ताओं को प्रताड़ित किया जाता रहेगा।
