महाराजपुर के दो छात्रावासों में अनियमितताओं से हड़कंप, जांच के निर्देश; कन्या छात्रावास में अधीक्षक के पति के रहने और बालक छात्रावास अधीक्षक के रात में अनुपस्थित रहने की शिकायत, दोनों को नोटिस जारी | New India Times

त्रिवेंद्र जाट, महाराजपुर/सागर (मप्र), NIT:

महाराजपुर के दो छात्रावासों में अनियमितताओं से हड़कंप, जांच के निर्देश; कन्या छात्रावास में अधीक्षक के पति के रहने और बालक छात्रावास अधीक्षक के रात में अनुपस्थित रहने की शिकायत, दोनों को नोटिस जारी | New India Times

सागर कलेक्टर के निर्देश पर मंगलवार को महाराजपुर नायब तहसीलदार चंद्रवान दीवान ने शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास तथा राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह सीनियर बालक छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों छात्रावासों के संचालन और व्यवस्थाओं को लेकर कई अनियमितताएं सामने आने की जानकारी दी गई। नायब तहसीलदार ने निरीक्षण का पंचनामा तैयार कर देवरी एसडीएम मुनव्वर खान को सौंप दिया है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कन्या छात्रावास की अधीक्षक ममता चौरसिया के पति राजेंद्र चौरसिया के छात्रावास परिसर में रहने की बात सामने आई। अधीक्षक ने अधिकारियों को बताया कि बीमारी के कारण उन्हें कभी-कभी सागर जाना पड़ता है और वह छात्रावास में अपने पति के साथ रहती हैं। वहीं, आसपास के लोगों और कुछ अभिभावकों ने उनके पति के करीब एक-दो महीने से छात्रावास परिसर में रहने की बात कही। अभिभावकों ने छात्रावास में पुरुष के रहने को लेकर छात्राओं की सुरक्षा पर चिंता जताई है।
इसी तरह राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह सीनियर बालक छात्रावास के अधीक्षक संदीप जैन निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले। छात्रावास में मौजूद बच्चों ने अधिकारियों को बताया कि अधीक्षक रात में छात्रावास में नहीं रहते और बीना स्थित अपने निवास पर चले जाते हैं। यदि जांच में यह जानकारी सही पाई जाती है तो यह छात्रावास में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा और देखरेख से जुड़ा गंभीर मामला हो सकता है।
नायब तहसीलदार चंद्रवान दीवान ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सामने आई जानकारी का पंचनामा तैयार कर देवरी एसडीएम को सौंप दिया गया है। एसडीएम मुनव्वर खान ने बताया कि मामले से संबंधित पंचनामा प्राप्त हो चुका है और जांच प्रतिवेदन तैयार कर कार्रवाई के लिए सागर कलेक्टर को भेजा जाएगा।
सागर जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त के अनुसार दोनों छात्रावास अधीक्षकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। उन्होंने बताया कि कन्या छात्रावास में पुरुष का रहना नियमों के विपरीत है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बालक छात्रावास अधीक्षक के रात्रि में अनुपस्थित रहने की शिकायत की भी जांच की जा रही है।
सागर कलेक्टर ने भी मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि देवरी एसडीएम से जांच रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इधर, छात्रावासों में सामने आई अनियमितताओं को लेकर अभिभावकों में चिंता है। उनका कहना है कि दूर-दराज से आकर छात्र-छात्राएं छात्रावासों में रहकर पढ़ाई करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। स्थानीय स्तर पर दोनों अधीक्षकों की अधिकारियों से कथित नजदीकी और प्रभाव को लेकर भी चर्चाएं हैं, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अभिभावकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोष सिद्ध होने पर जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.