मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

ग्राम पंचायत पालाचौरई में रोजगार सहायक के खिलाफ भ्रष्टाचार, मनमानी और लापरवाही के आरोपों को लेकर मामला गरमा गया है। ग्राम पंचायत के पंचों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर शनिवार को मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), जनपद पंचायत जुन्नारदेव के नाम हस्ताक्षरित लिखित शिकायत पत्र सौंपा। शिकायत में पदस्थ ग्राम रोजगार सहायक राजकुमार डेहरिया को तत्काल प्रभाव से पद से हटाने की मांग की गई है।
एक ही स्थान पर लंबे समय से पदस्थ होने का आरोप
लिखित शिकायत में पंचों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि राजकुमार डेहरिया स्थानीय निवासी हैं और प्रारंभ से अब तक एक ही स्थान पर पदस्थ हैं। लंबे समय से एक ही जगह पदस्थ रहने के कारण उनके द्वारा मनमानी किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पूर्व में भी उनके खिलाफ कई शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते उनके हौसले बुलंद हैं।
ग्राम सभा में भी उठ चुका है लापरवाही और दुर्व्यवहार का मुद्दा
मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूर्व में आयोजित ग्राम सभा में भी ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों द्वारा रोजगार सहायक की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश व्यक्त किया गया था। ग्राम सभा में उनकी कथित लापरवाही, काम में उदासीनता, जनता से दुर्व्यवहार और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों को प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बावजूद शिकायतकर्ताओं के अनुसार कर्मचारी के रवैये में कोई सुधार नहीं आया।
लाखों रुपये के फर्जीवाड़े और योजनाओं में धांधली के आरोप
शिकायत पत्र में रोजगार सहायक पर वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
- फर्जी मस्टररोल और भुगतान: आरोप है कि मजदूरों को रोजगार दिलाने के नाम पर बड़े पैमाने पर अनियमितता की जा रही है। वृक्षारोपण, तालाब निर्माण और कुआं निर्माण जैसे विकास कार्यों में बिना काम कराए मनमाने बिल लगाकर लाखों रुपये की राशि के हेरफेर का आरोप लगाया गया है।
- पात्र हितग्राही वंचित: शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि शासकीय योजनाओं को सही तरीके से लागू करने में लापरवाही बरती जा रही है, जिसके कारण गांव के वास्तविक पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहे हैं।
- प्रधानमंत्री आवास योजना में पक्षपात: आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नियमों की अनदेखी करते हुए कथित रूप से चहेते लोगों को दिलाया जा रहा है।
पंचायत से गायब रहने का आरोप, जनता परेशान
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि राजकुमार डेहरिया पंचायत में केवल हाजिरी लगाकर दिनभर गायब रहते हैं। स्थानीय निवासी होने के कारण उनके द्वारा ग्रामीणों पर रौब झाड़ने और दबाव बनाने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि आम जनता छोटे-छोटे कार्यों और प्रमाण-पत्रों के लिए परेशान होती है, जबकि रोजगार सहायक अपने कर्तव्यों के प्रति कथित रूप से लापरवाह बने हुए हैं।
पंचों ने सामूहिक हस्ताक्षर कर दी आंदोलन की चेतावनी
ग्राम पंचायत पालाचौरई के पंचों—राजू वर्मा राजकुमारी, रघुवीर उइके, सुखराम, संजू, सुभद्रा बाई, रामचरण, सुखवंती, सुलती धुर्वे, मेहरबान कमरे, दुर्गेश कायदा, विजय सहित अन्य पंचगण एवं ग्रामीणों—ने जनपद कार्यालय पहुंचकर शिकायत पत्र सौंपा। शिकायत पत्र पर 3 अक्टूबर 2026 की पावती भी दर्ज है।
पंचों और ग्रामीणों ने मांग की है कि रोजगार सहायक को तत्काल प्रभाव से पद से हटाया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण और जनप्रतिनिधि आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

