हाशिम अंसारी, ब्यूरो चीफ सीतापुर (यूपी), NIT:

विकास खण्ड मछरेहटा के प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर गंगापुर में मिजेल्स-रुबेला टीकाकरण का आयोजन किया गया। इस टीकाकरण के दौरान 9 माह से 15 वर्ष तक के बच्चों को टीके लगाए गए। टीकाकरण से पूर्व विद्यालय के छात्रों को तहरी खिलाई गई तदुपरांत ए. न. म. द्वारा बच्चों को सुरक्षित तरीके से टीके लगाए गए।
आयोजित टीकाकरण कार्यक्रम में आशा बहू ने भी सहयोग किया। इस टीकाकरण के बारे में घर घर जाकर पहले से ही बच्चों के अभिभावकों से मिलकर टीकाकरण में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष द्वारा भी टीकाकरण कार्यक्रम में बच्चों को टीका लगवाने हेतु अभिभावकों को प्रेरित किया गया। विद्यालय के इंचार्ज/प्रधानाध्यापक रामेस्वर दयाल ने भी टीकाकरण के लाभ बताते हुए टीका करण में सहभागिता के लिए अभिभावकों एवं छात्रों को प्रेरित करने में भरपूर सहयोग किया। इस टीकाकरण कार्यक्रम में ग्रामप्रधान, सुशील कुमार सहायक अध्यापक, प्रदीप कुमार समायोजित शिक्षक, रसोइया रामशंकर तथा समस्त नागरिक व ग्रामवासी उपस्थित रहे।
